बारां जिले में खाद की आपूर्ति जारी है। इफको ने सोमवार को रैक पॉइंट पर 1405 मैट्रिक टन डीएपी भेजा, जिसका वितरण आज मंगलवार से शुरू हुआ। यह डीएपी अन्ता (180), अटरू (240), बारां (315), छबड़ा (300), छीपाबड़ौद (200) और किशनगंज (170) ब्लॉक में बांटा गया। आज कोटा पॉइंट पर कृफको की एक और रैक आने की संभावना है, जिससे जिले को लगभग 400 मैट्रिक टन डीएपी और मिलेगा। संयुक्त निदेशक कृषि धनराज मीणा ने बताया, अभी जिले में 11381 टन यूरिया, 5123 टन डीएपी, 624 टन म्यूरेट ऑफ पोटाश, 7866 टन एनपीके और 9339 टन सिंगल सुपर फास्फेट खाद उपलब्ध है। किसानों को आधार कार्ड और जमीन की नकल पर अधिकतम 5 बैग डीएपी और 10 बैग यूरिया मिलेगा। उन्होंने किसानों से जरूरत के हिसाब से खाद खरीदने और जमाखोरी नहीं करने की अपील की।