बारां में स्कूली छात्रा से छेड़छाड़ के मामले में महिला थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने घटना के 48 घंटे के भीतर गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ कोर्ट में चालान भी पेश कर दिया है। एसपी अभिषेक अंदासु ने बताया कि 7 अप्रैल को महिला थाना में एक महिला ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट के अनुसार 6 अप्रैल को उसकी बेटी स्कूल से घर लौट रही थी। तभी एक अज्ञात बाइक सवार ने कोटा रोड से उसकी स्कूल वैन का पीछा किया। इसके बाद मोहल्ले में भी पीछा करते हुए छात्रा का हाथ पकड़ने की कोशिश की, जिससे वह भयभीत हो गई। प्रकरण दर्ज होने के बाद एएसपी राजेश चौधरी के निर्देशन में महिला थाना सीआई आशा कुंवर सिंह के नेतृत्व में एक टीम गठित कर जांच शुरू की गई। एसपी बोले- छेड़छाड़ करने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई पुलिस टीम ने शहर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। साइबर सेल की मदद से आरोपी की पहचान की गई और कुछ ही घंटों में उसे हिरासत में ले लिया गया। आरोपी रातडिया निवासी महेंद्र कुमार को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। पुलिस ने महज 48 घंटे में जांच पूरी कर चालान न्यायालय में प्रस्तुत किया। एसपी अंदासु ने जिले के सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिए हैं कि स्कूल-कॉलेज आने-जाने वाली बालिकाओं का पीछा करने या छेड़छाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। सूचना देने वाले का नाम रहेगा गोपनीय पुलिस ने आमजन से भी अपील की है कि इस तरह की किसी भी घटना की सूचना तुरंत पुलिस कंट्रोल रूम के मोबाइल नंबर 8764851123 पर दें। सूचना देने वाले का नाम गोपनीय रखा जाएगा। इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में महिला थानाधिकारी आशा कुंवर सिंह, साइबर सेल के जगदीश चंद्र शर्मा, सुरेंद्र सिंह, विक्रमादित्य और कमलेश कुमार शामिल थे।