बारां में कांच व्यापारी के अपहरण और फिरौती मामले में पुलिस ने दो आरोपियों का जुलूस निकाला। एएसपी राजेश चौधरी के नेतृत्व में गुरुवार को आरोपी शाहरुख और राहिल का सिर मुंडवाकर उन्हें नंगे पैर शहर के प्रमुख मार्गों पर घुमाया गया। इस दौरान उनसे घटनास्थल की तस्दीक भी करवाई गई। जुलूस के दौरान बड़ी संख्या में शहरवासी आरोपियों को देखने के लिए सड़कों पर जमा हो गए। आरोपी गर्दन झुकाकर और कान पकड़कर 'अपराध करना पाप है' कहते नजर आए। बाद में दोनों को कोर्ट में पेश किया गया। प्रशिक्षु डीएसपी भजनलाल ने बताया कि शहर निवासी कांच व्यापारी सतीश गौड़ का कुछ दिन पहले कब्रिस्तान स्थित दरगाह के पास से अपहरण कर लिया गया था। बदमाश उसे जबरन कार में डालकर तेल फैक्ट्री के पास एक खेत में ले गए, जहां उसके साथ मारपीट की गई। आरोपियों ने हथियार दिखाकर सतीश गौड़ को डराया-धमकाया और एक करोड़ रुपए की फिरौती मांगी। बाद में उनसे 14 लाख रुपए वसूल लिए गए। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अब तक इस मामले में 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में शाहरुख और राहिल भी शामिल हैं, जिन्हें दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया था। पुलिस ने इनके कब्जे से फिरौती की राशि में से करीब 8 लाख रुपए बरामद किए हैं। डीएसपी ने बताया कि बारां पुलिस का उद्देश्य आमजन में विश्वास और अपराधियों में भय बनाए रखना है। पुलिस फिलहाल आरोपियों को कोर्ट में पेश कर आगे की कार्रवाई में जुटी है।