बारां के सदर थाना क्षेत्र में झालावाड़ रोड पर राख से भरे एक बल्कर में आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि ड्राइवर को अपनी जान बचाने के लिए चलते बल्कर से कूदना पड़ा। जानकारी के अनुसार बल्कर में अचानक आग की लपटें उठने लगीं। देखते ही देखते आग ने पूरे बल्कर को अपनी चपेट में ले लिया। आग तेजी से फैलती देख ड्राइवर ने सूझबूझ दिखाते हुए कूदकर अपनी जान बचाई। आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चला है। शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका है। घटना के बाद मौके पर ग्रामीण जमा हो गए और आग बुझाने लगे। पास के सोयाबीन प्लांट के कर्मचारी भी पहुंचे और फैक्ट्री से कार्बन डाइऑक्साइड पाइप लाकर आग पर काबू पाया। हादसे में कोई घायल नहीं हुआ, लेकिन बल्कर को काफी नुकसान हुआ है।