बारां के किशनगंज क्षेत्र में रामनगर प्लांटेशन में बढ़ते अतिक्रमण को रोकने और वन भूमि के संरक्षण की मांग को लेकर किसान महापंचायत ने शुक्रवार को वन विभाग के उप वन संरक्षक (डीसीएफ) को ज्ञापन सौंपा। महापंचायत ने मांग की है कि यदि विभाग तत्काल अतिक्रमण नहीं हटाता है, तो ग्रामवासियों को जनसहयोग से प्लांटेशन क्षेत्र की तारबंदी करने की अनुमति दी जाए। प्रदेश संयोजक सत्यनारायण सिंह के नेतृत्व में दिए गए ज्ञापन में बताया गया कि किशनगंज रेंज के करवरीकलां नाका अंतर्गत रामनगर के पुराने प्लांटेशन क्षेत्र में अतिक्रमणकारी आवासीय टापरियां और मकान बना रहे हैं। ग्रामीणों ने पिछले एक वर्ष से रेंजर और डीसीएफ कार्यालय में लगातार शिकायतें की हैं, लेकिन प्रभावी कार्रवाई नहीं होने के कारण अतिक्रमण लगातार बढ़ रहा है। महापंचायत का कहना है कि खाली पड़ी वन भूमि पर छायादार पौधों का रोपण और संरक्षण आवश्यक है। इसके लिए ग्रामवासी जनसहयोग से प्लांटेशन क्षेत्र की एक ओर तारबंदी कर शेष वन भूमि को सुरक्षित रखना चाहते हैं। ज्ञापन में मांग की गई है कि वन विभाग पहले अतिक्रमणकारियों को हटाकर शेष भूमि पर क्लोजर कराए। अन्यथा, ग्रामवासियों को जनसहयोग से तारबंदी की अनुमति प्रदान की जाए। ज्ञापन सौंपने वालों में किसान महापंचायत के जिला उपाध्यक्ष जगदीश सिंह अटवाल, करवरीकलां अध्यक्ष बुद्धिप्रकाश शर्मा, जिला मंत्री रमेशचंद मीणा, रामनगर ग्राम समिति अध्यक्ष विकास मीणा, राजेश मीणा और रामस्वरूप मीणा सहित अन्य पदाधिकारी व ग्रामीण शामिल थे।