धान और मक्का की ज्यादा आवक से बारां कृषि उपज मंडी भर गई है। मंडी प्रशासन ने शनिवार को धान-मक्का की आवक पर रोक लगाकर सिर्फ सोयाबीन और अन्य जिंसों की नीलामी का फैसला किया है। शुक्रवार को मंडी में करीब 2 लाख कट्टे मक्का आया। इसकी नीलामी 2,780 रुपए प्रति क्विंटल के अब तक के सबसे ऊंचे भाव पर हुई। गुरुवार को करीब पौने दो लाख बोरी धान आया था, लेकिन उसका थोड़ा ही उठाव हो पाया। एक दिन छोड़कर नीलामी की व्यवस्था के बावजूद मंडी में जगह नहीं बची। सभी शेड और नीलामी स्थल भरने के बाद सड़कों पर भी उपज की ढेरियां लगानी पड़ीं। बारिश की आशंका के चलते किसानों ने ढेरियों को तिरपाल से ढका। सोमवार को धान की नीलामी होगी या नहीं, इस पर शनिवार को फैसला लिया जाएगा।