बारां में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने महिला तस्कर को गिरफ्तार किया है। यह महिला 5 किलो 410 ग्राम गांजा तस्करी के मामले में फरार चल रही थी। एसपी अभिषेक अंदाशु के निर्देश पर मोठपुर पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत यह कार्रवाई की। यह मामला पहले कवाई थाने में दर्ज हुआ था, जहां 5 किलो 410 ग्राम गांजा बरामद किया गया था। बाद में इस प्रकरण की जांच मोठपुर थाने को सौंपी गई। एएसपी सौरभ तिवाड़ी और अटरू सीआई रामानंद यादव के निर्देश पर थानाधिकारी कमलसिंह के नेतृत्व में एक विशेष टीम बनाई गई। जांच के दौरान सामने आया कि यह गांजा सकतपुर निवासी अशोक शर्मा (45) को बेचा गया था, जिसे पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। अशोक से पूछताछ में पता चला कि उसने यह गांजा ज्योति उर्फ काली (40) पत्नी रामलाल बैरवा निवासी सकतपुर, थाना अटरू से खरीदा था। इसके बाद टीम ने ज्योति उर्फ काली को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है।