बारां में राष्ट्रीय एकता दिवस पर शनिवार को जिला स्तर पर रन फॉर यूनिटी का आयोजन किया गया। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल के जन्मदिन को राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में मनाया जाता है। दौड़ सुबह 7 से 8 बजे तक हुई। जिला कलेक्टर बालमुकुंद असावा और जिला पुलिस अधीक्षक अभिषेक अंदाशु ने हरी झंडी दिखाकर इसकी शुरुआत की। दौड़ खेल संकुल से शुरू हुई। प्रतिभागी चारमूर्ति चौराहा, प्रताप चौक और धर्मादा चौराहा होते हुए वापस खेल संकुल पहुंचे। दौड़ में अधिकारियों के साथ स्कूली छात्र-छात्राएं, कॉलेज और एनएसएस के विद्यार्थी, स्काउट गाइड, खिलाड़ी, माय भारत केन्द्र के वॉलंटियर, नागरिक सुरक्षा स्वयंसेवक और फॉरेस्ट गार्ड शामिल हुए। सभी निर्धारित यूनिफॉर्म में थे। कार्यक्रम में प्रतिभागियों ने राष्ट्रीय एकता, अखंडता और देश की एकजुटता बनाए रखने का संकल्प लिया।