बारां में स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 के लिए सिटीजन फीडबैक अभियान ने गति पकड़ ली है। केंद्र सरकार के आवास एवं शहरी कार्य मंत्रालय के निर्देश पर नगर परिषद बारां की टीम शहरभर में सक्रिय है। यह टीम विभिन्न स्थानों पर जाकर लोगों से स्वच्छता संबंधी फीडबैक ले रही है। अभियान के तहत नगर परिषद की आईईसी (सूचना, शिक्षा और संचार) टीम महात्मा गांधी राजकीय स्कूल सहित अन्य स्कूलों, नगर परिषद कार्यालय, रेलवे स्टेशन, पुलिस स्टेशन, पार्कों और प्रमुख बाजारों का दौरा कर रही है। टीम आमजन को QR कोड स्कैन करके या मंत्रालय द्वारा जारी लिंक के माध्यम से ऑनलाइन फीडबैक देने के लिए प्रेरित कर रही है। मौके पर ही नागरिकों से फीडबैक दर्ज करवाकर अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित की जा रही है। नगर परिषद आयुक्त भुवनेश मीणा ने बताया कि शहर की स्वच्छता रैंकिंग सुधारने में हर नागरिक की भूमिका महत्वपूर्ण है। उन्होंने नागरिकों से ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के जरिए सकारात्मक फीडबैक देकर शहर को आगे बढ़ाने में सहयोग करने की अपील की। स्वास्थ्य निरीक्षक नरसी लाल स्वामी ने कहा कि एक फीडबैक शहर की पहचान बदल सकता है और लोगों से स्वच्छता को आदत बनाने तथा अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने का आग्रह किया। इस अभियान को सफल बनाने में आयुक्त भुवनेश मीणा, एसबीएम प्रभारी धर्मराज गुर्जर, स्वास्थ्य निरीक्षक नरसी लाल स्वामी, एसबीएम अभियंता जितेंद्र नामा सहित आईईसी पार्टनर क्लेवरिनो टीम के सदस्य नेहा राजावत, रीना गहलोत, पवन सिंह, प्रिंस जोसी, सीमा गुर्जर और प्रिंसी राजावत लगातार सक्रिय हैं।