अगर आप हर महीने बढ़ते बिजली बिल से परेशान हैं तो यह खबर आपके काम की है। टाटा पावर ने अजमेर में अपना 'ईज़ी होम ऑटोमेशन' (Ez Home Automation) सिस्टम लॉन्च किया है। कंपनी का दावा है कि इस स्मार्ट तकनीक की मदद से घर की बिजली खपत करीब 20% तक कम हो सकती है। इससे एक सामान्य परिवार हर साल 1,300 यूनिट से ज्यादा बिजली और करीब ₹10 हजार तक के बिजली बिल की बचत कर सकता है। इस सिस्टम की खास बात यह है कि घर के लाइट, पंखे, एसी, गीजर और अन्य इलेक्ट्रिक उपकरणों को मोबाइल ऐप से कहीं से भी ऑन-ऑफ किया जा सकेगा। इतना ही नहीं, Alexa और Google Assistant के जरिए केवल आवाज देकर भी इन्हें कंट्रोल किया जा सकेगा। पुराने घरों में भी आसानी से लगेगा सिस्टम जनसंपर्क अधिकारी लक्ष्मीकांत के अनुसार इस तकनीक के लिए घर में बड़ी तोड़-फोड़ या नई वायरिंग की जरूरत नहीं होगी। स्मार्ट स्विच, स्मार्ट सॉकेट, मोशन सेंसर और अन्य डिवाइस मौजूदा सिस्टम में आसानी से लगाए जा सकते हैं। इसलिए यह नए मकानों के साथ पुराने घरों और किराए के फ्लैट में रहने वालों के लिए भी उपयोगी रहेगा। पब्लिक के लिए क्या होगा सबसे खास? जनसंपर्क अधिकारी लक्ष्मीकांत का कहना है कि बिजली की बचत होने से हर साल करीब 1.1 टन कार्बन उत्सर्जन कम होगा, जो लगभग 15 पेड़ लगाने के बराबर माना जा सकता है। '100 सिटीज, 1 पर्पज' अभियान का हिस्सा अजमेर में यह शुरुआत टाटा पावर के '100 सिटीज, 1 पर्पज' अभियान के तहत की गई है। इसका उद्देश्य छोटे और बड़े शहरों में स्मार्ट, सुरक्षित और बिजली बचाने वाली तकनीक को लोगों तक पहुंचाना है।