बारां कृषि उपज मंडी परिसर में पानी की टंकी पर चढ़कर करीब 7 घंटे तक सुसाइड की धमकी देने वाले युवक के खिलाफ कोतवाली थाने में मामला दर्ज किया गया है। युवक ने मंदिर की जमीन पर कथित अवैध कब्जा हटवाकर न्याय दिलाने की मांग को लेकर यह कदम उठाया था। प्रशासन ने घंटों की समझाइश के बाद उसे सुरक्षित नीचे उतारा, जबकि मंडी समिति सचिव की रिपोर्ट पर पुलिस ने अनाधिकृत रूप से टंकी पर चढ़ने और प्रशासनिक कार्य में बाधा पहुंचाने के मामले में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। टंकी पर चढ़कर किया हंगामा एसपी अभिषेक अंदासु ने बताया कि मंडी यार्ड में पेयजल व्यवस्था के लिए बनी पानी की टंकी पर अनाधिकृत प्रवेश रोकने के लिए सीढ़ियों पर रस्सियां बांधी गई थीं। इसके बावजूद 30 जून को दोपहर करीब 2 बजे सोकंदा निवासी धनराज वैष्णव ने रस्सियां हटाकर टंकी पर चढ़ाई कर ली। सुसाइड की धमकी से प्रशासन में मचा हड़कंप टंकी पर चढ़ने के बाद धनराज ने अपनी मांगें पूरी नहीं होने पर सुसाइड करने की धमकी देनी शुरू कर दी। सूचना मिलते ही प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। काफी देर तक समझाइश के बावजूद वह नीचे उतरने को तैयार नहीं हुआ। आखिरकार करीब सात घंटे की मशक्कत के बाद रात करीब 9 से 9:30 बजे के बीच अधिकारियों ने उसे सकुशल नीचे उतार लिया। मंडी समिति सचिव की रिपोर्ट पर केस दर्ज पुलिस ने मंडी समिति सचिव डॉ. हरिमोहन बैरवा की रिपोर्ट पर मामला दर्ज किया है। रिपोर्ट के अनुसार, आरोपी ने दोपहर 2 बजे से रात 9:30 बजे तक टंकी पर अनाधिकृत कब्जा बनाए रखा और सुसाइड की धमकी देकर प्रशासनिक अमले को लंबे समय तक व्यस्त रखा। कोतवाली थाना पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आठ साल पुराना है मंदिर की जमीन का विवाद धनराज वैष्णव का कहना है कि वह पिछले करीब आठ वर्षों से मंदिर की जमीन के विवाद को लेकर न्याय की लड़ाई लड़ रहा है। गांव के कुछ दबंग लोगों ने मंदिर की जमीन पर अवैध कब्जा कर रखा है। कोर्ट से उसके पक्ष में आदेश और स्टे मिलने के बावजूद प्रशासन उसे मंदिर माफी की जमीन का वास्तविक कब्जा नहीं दिला सका। 'अधिकारियों के चक्कर काटकर हो गया था परेशान' धनराज का आरोप है कि कार्रवाई की मांग को लेकर वह एसडीएम, कलेक्टर और पुलिस अधिकारियों के लगातार चक्कर लगाते रहे, लेकिन समाधान नहीं निकला। इसी से परेशान होकर उन्होंने टंकी पर चढ़कर न्याय की गुहार लगाई। अब इस घटनाक्रम के बाद पुलिस ने उनके खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।