आपसी धड़ों में बंटी बाड़मेर कांग्रेस अब नए विकल्प के साथ जयपुर में कांग्रेस नेतृत्व से मुलाकात कर रही है। सांसद उम्मेदाराम बेनीवाल, कांग्रेस जिलाध्यक्ष लक्ष्मणसिंह के नेतृत्व में भामाशाह व ठेकेदार मांगीलाल वडेरा ने कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंदसिंह डोटासरा, प्रतिपक्ष नेता टीकाराम जूली से मुलाकात की। इस दौरान बाड़मेर कांग्रेस नेतृत्व ने प्रदेश स्तरीय कांग्रेस नेताओं का स्वागत किया। इसके साथ ही अब एक नई बहस शुरू हो गई है कि नगर निकाय चुनाव से पहले बाड़मेर शहर में कांग्रेस के लिए नया विकल्प तैयार हो रहा है। मांगीलाल वडेरा की पत्नी उषा जैन पूर्व में नगर परिषद सभापति रह चुकी हैं। पिछले 10 साल से वह सक्रिय राजनीति से दूर थीं। अब नगर निकाय चुनाव से ठीक पहले वह फिर से सक्रिय हो रही हैं। मांगीलाल वडेरा पूर्व विधायक भगवानदास डोसी के दामाद हैं। अब वह कांग्रेस की राजनीति में सक्रिय हुए हैं। प्रदेशाध्यक्ष गोविंदसिंह डोटासरा के साथ सांसद उम्मेदाराम बेनीवाल, जिलाध्यक्ष लक्ष्मणसिंह गोदारा, भामाशाह मांगीलाल वडेरा, पूर्व सभापति दिलीप माली, रिड़मलसिंह दांता, वीपी सिंह, देवाराम सांजटा, करनाराम मेघवाल की मुलाकात हुई। इस दौरान आगामी चुनावों को लेकर चर्चा की गई। नगर निकाय और पंचायतीराज चुनाव को लेकर कांग्रेस नेता अभी से ही सक्रिय हो गए हैं। प्रदेशाध्यक्ष के बाद प्रतिपक्ष नेता टीकाराम जूली से भी इन्हीं नेताओं ने मुलाकात की। कांग्रेस को मजबूत करने को लेकर चर्चा की।