भास्कर न्यूज | बाड़मेर शहर का सार्वजनिक श्मशान घाट अब बदहाली के दंश से मुक्त होकर बेहद खूबसूरत और सुव्यवस्थित नजर आने लगा है। नगर परिषद की ओर से कराए गए विकास और सौंदर्यकरण कार्यों के बाद इस परिसर की पूरी तस्वीर बदल गई है। श्मशान घाट परिसर में विकास कार्यों के लिए नगर परिषद ने 27 लाख रुपए का टेंडर जारी किया था। इसके बाद ठेकेदार बलवीर माली ने नगर परिषद की मंशा के अनुरूप काम करते हुए परिसर का कायाकल्प कर दिया। जहां पहले खस्ताहाल नाला और क्षतिग्रस्त सड़कें व्यवस्थाओं को मुंह चिढ़ा रही थीं, वहां अब बदलाव की नई तस्वीर नजर आ रही है। श्मशान घाट में बहने वाले गंदे पानी के नालों को पूरी तरह कवर करवा दिया गया है। इससे अब यहां गंदगी और बदबू की समस्या खत्म हो गई है। परिसर में जगह-जगह उगी बबूल की कंटीली झाड़ियों को साफ किया गया है। अब पूरे परिसर में पैदल चलने के लिए रंग-बिरंगी इंटरलॉकिंग टाइल्स बिछा दी गई हैं। श्मशान घाट की लंबे समय से कटी पड़ी पाइपलाइन को दुरुस्त कर सुचारू कर दिया गया है। इससे यहां आने वाले लोगों के लिए पानी की पुख्ता व्यवस्था हो गई है। श्मशान घाट परिसर में बने पार्क का सौंदर्यकरण कर वहां विशेष पौधारोपण किया गया है।