बाड़मेर जिले में शिव, बायतु और कोतवाली थाना पुलिस ने अलग-अलग कार्रवाई में 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से 118 ग्राम अफीम, 1.40 ग्राम स्मैक और 326 ग्राम डोडा-पोस्त बरामद किया। साथ ही एक बोलेरो और एक बाइक जब्त की गई। तीनों मामलों में एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू की गई है। अभियान के तहत तीन थानों की कार्रवाई एसपी चूनाराम जाट ने बताया कि पुलिस मुख्यालय और आईजी रेंज जोधपुर के निर्देश पर नशा मुक्त बाड़मेर अभियान चलाया जा रहा है। एएसपी नितेश आर्य के सुपरविजन में शिव, बायतु और कोतवाली थानों की टीमों ने कार्रवाई की। शिव थाना: बोलेरो से अफीम बरामद शिव थाना टीम ने गांव निंबला में नाकाबंदी के दौरान बोलेरो को रोका। तलाशी में 118 ग्राम अफीम मिली। आरोपी स्वरूपसिंह पुत्र हिंगोलसिंह निवासी भैरुपुरा हडवा शिव को गिरफ्तार कर बोलेरो जब्त की गई। बायतु थाना: बाइक सवार तीन आरोपी पकड़े बायतु पुलिस ने चवा-फलसूंड हाईवे पर नाकाबंदी के दौरान बाइक सवार तीन लोगों को रोका। तलाशी में 1.40 ग्राम स्मैक बरामद हुई। आरोपी प्रकाश पुत्र मदनलाल, मेहराराम पुत्र मकाराम और हरेंद्र पुत्र दिनेश कुमार को गिरफ्तार कर बाइक जब्त की गई। कोतवाली थाना: डोडा-पोस्त जब्त कोतवाली पुलिस ने तिलक बस स्टैंड के पास चेकिंग के दौरान एक व्यक्ति को पकड़कर उसके पास से 326 ग्राम डोडा-पोस्त बरामद किया। आरोपी नैनाराम पुत्र दमाराम निवासी कपूरडी को गिरफ्तार किया गया। खरीद-फरोख्त की जांच जारी तीनों थानों में अलग-अलग मामले दर्ज किए गए हैं। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर नशे की खरीद-फरोख्त के नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है।