सरकारी स्कूल में पानी पीने के बाद 16 बच्चों की तबीयत बिगड़ गई। उन्हें खुजली होने लगी और शरीर पर जगह-जगह लाल निशान बनने लगे। बच्चों को फौरन हॉस्पिटल ले जाया गया। यह पूरा मामला बाड़मेर जिले के सनावड़ा गांव में मेघवालों की ब​स्ती स्थित हायर सेकेंडरी स्कूल का है। बच्चों को पहले सनवाड़ा हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां से बाड़मेर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। बच्चों को बाड़मेर हॉस्पिटल लाने वाले एम्बुलेंस के ईएमटी (इमरजेंसी मेडिकल टेक्निशियन) सुखदेव गांगुली ने बताया- ऐसी जानकारी मिली थी कि शनिवार सुबह करीब 10 बजे पानी पीने के बाद अचानक बच्चों की तबीयत बिगड़ गई थी। बच्चों ने बताया कि स्कूल में खुला टैंक है, उसी का पानी पीते हैं। पानी पीने के बाद ही इनकी तबीयत बिगड़ी है। उधर, बच्चों ने शिक्षा विभाग के अधिकारियों को बताया कि पानी पीने के बाद स्कूल के बाहर बिकने वाली ‘चुस्की’ खाई थी। अब ये 3 PHOTOS देखिए… लंच से पहले अचानक बिगड़ने लगी तबीयत स्कूल स्टाफ ने बताया- शनिवार को 'नो बैग-डे' था। बच्चे स्कूल में मौजूद थे। लंच से पहले एक बच्ची के शरीर पर खुजली होने लगी। उसके बाद खुजली वाली जगह पर लाल निशान बनने लगे। बच्ची के पेरेंट्स को बुलाकर उसे हॉस्पिटल भेजा गया। इलाज के कुछ देर बाद तीन से चार बच्चों की और तबीयत खराब होने लगी। कुछ ही देर में ऐसे करीब 16 और बच्चे सामने आए। फौरन एम्बुलेंस बुलवाकर सभी बच्चों सनावड़ा हॉसिपटल पहुंचाया गया। यहां से बच्चों को बाड़मेर हॉस्पिटल लाया गया। अधिकारी मौके पर पहुंचे जैसे ही बच्चों के बीमार होने की जानकारी मिली अधिकारी भी हॉस्पिटल पहुंच गए। जिला शिक्षा अधिकारी देवाराम चौधरी का कहना है कि बच्चे घर से खाना खाकर आए थे। स्कूल में पोषाहार पक रहा था। उससे पहले ही तबीयत बिगड़ गई। पीएमओ हनुमान चौधरी का कहना है कि बच्चों की तबीयत ठीक है। एतिहायात के तौर पर भर्ती कर दिया गया है। इन बच्चों का चल रहा इलाज 10 छात्राएं और 3 छात्रों को बाड़मेर के सरकारी हॉस्पिटल में एड​मिट करवाया गया है। छात्रा खुशबू (14), जयश्री (5), केलम (7), गुड़िया (13), जशोदा (14), कविता (12), जागृति (11), लीला (14), वर्षा (11) , कविता (11), देवी (12), मनीष (10), पुखराज (13), स्वरूप (11), भवेंद्र (7) और मोहित (8) का इलाज चल रहा है। छात्रा देवी ने बताया कि पानी पीने के बाद खुजली होने लगी। इसके बाद उल्टी आने के साथ चक्कर आने लगे थे। अब भी शरीर में खुजली आ रही है। एडीएम बोले- पानी के सैंपल जांच के लिए भेजे एडीएम राजेंद्र सिंह चांदावत ने बताया कि स्कूल में आने वाले पानी के सैंपल लिए गए हैं। इन्हें जांच के लिए भी भेज दिया है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।