बाड़मेर में पंचायती राज चुनाव के पहले चरण के मतदान के लिए बुधवार सुबह से पोलिंग पार्टियां रवाना होना शुरू हो गई है। पीजी कॉलेज में आखिरी ट्रेनिंग के बाद मतदान दल ईवीएम लेकर अपने-अपने बूथों के लिए रवाना हुए। पार्टियां बुधवार को ही वाहनों से मतदान केंद्रों पर पहुंचेंगी। पहले चरण में 22 अक्टूबर को जिला परिषद की 23 सीटों और 10 पंचायत समितियों के 158 सदस्यों के लिए मतदान होगा। जिला परिषद की 23 सीटों पर 71 और पंचायत समिति सदस्यों के लिए 467 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। प्रशासन ने मतदान और मतगणना की तैयारियां पूरी कर ली हैं। अधिकारियों से स्ट्रॉन्ग रूम, काउंटिंग रूम, मतदान और मतगणना की व्यवस्थाओं को लेकर फीडबैक लिया गया। ट्रेनिंग में नहीं आने पर 6 कार्मिकों को 17 सीसी के नोटिस भी दिए गए हैं। 1,095 मतदान दलों के लिए 5,475 कार्मिकों को ट्रेनिंग बुधवार को पीजी कॉलेज में पोलिंग पार्टियों को आखिरी ट्रेनिंग दी गई। इस दौरान जिला कलेक्टर चिन्मयी गोपाल, एसपी चुनाराम जाट, सीईओ रवि कुमार और एडीएम रविंद्र कुमार मौजूद रहे। ट्रेनिंग के बाद मतदान दल ईवीएम लेकर रवाना हुए। सेड़वा पंचायत समिति की पोलिंग पार्टी सबसे पहले रवाना हुई। जिला निर्वाचन अधिकारी चिन्मयी गोपाल ने बताया- 935 सक्रिय और 160 रिजर्व मतदान दलों सहित कुल 1,095 दलों के लिए 5,475 कार्मिकों को ट्रेनिंग दी गई है। इनमें पीठासीन अधिकारी और प्रथम, द्वितीय, तृतीय और चतुर्थ मतदान अधिकारी शामिल हैं। उन्होंने बताया कि जिले की 10 पंचायत समितियों की 419 ग्राम पंचायतों में पंच और सरपंच के चुनाव के लिए 419 सक्रिय और 87 रिजर्व रिटर्निंग अधिकारियों सहित कुल 506 रिटर्निंग अधिकारी नियुक्त किए गए हैं। सरपंच पद के लिए मतदान 24 अक्टूबर को होगा। 6.88 लाख मतदाता करेंगे मतदान बाड़मेर जिले की 10 पंचायत समितियों में कुल 6 लाख 88 हजार 347 मतदाता हैं। ये मतदाता दो चरणों में अपने वोट का इस्तेमाल करेंगे। 22 अक्टूबर को जिला परिषद सदस्य और पंचायत समिति सदस्य के लिए मतदान होगा, जबकि 24 अक्टूबर को सरपंच पद के लिए वोट डाले जाएंगे। जिले में मतदान के लिए कुल 935 बूथ बनाए गए हैं। चौहटन पंचायत समिति में सबसे अधिक 1 लाख 2 हजार 305 मतदाता हैं। वहीं, मांगता पंचायत समिति में सबसे कम 31 हजार 836 मतदाता हैं। वार्ड-4 से कांग्रेस प्रत्याशी निर्विरोध निर्वाचित बाड़मेर जिला परिषद में भाजपा का एक और कांग्रेस के दो नामांकन पत्र खारिज हुए हैं। वार्ड संख्या 4 से कांग्रेस प्रत्याशी शेर मोहम्मद निर्विरोध निर्वाचित हो गए। वहीं, वार्ड संख्या 6 और 35 में कांग्रेस प्रत्याशियों के नामांकन खारिज होने के बावजूद आरएलपी और निर्दलीय प्रत्याशियों के मैदान में होने से यहां चुनाव होगा। 158 वार्डोंं में 467 प्रत्याशी मैदान में जिले की 10 पंचायत समितियों में कुल 160 निर्वाचन क्षेत्र निर्धारित किए गए हैं। इनमें से दो प्रत्याशी निर्विरोध निर्वाचित हो चुके हैं। शेष 158 वार्डों में 467 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। पंचायत समिति वार प्रत्याशियों की संख्या इस प्रकार है: बायतु: 48 गडरारोड: 37 मांगता: 45 चौहटन: 58 लीलसर: 45 रामसर: 51 धनाऊ: 58 सेड़वा: 38 फागलिया: 41 आडेल: 46 गडरारोड और फागलिया में भाजपा प्रत्याशी निर्विरोध पंचायत समिति गडरारोड के वार्ड संख्या 5 से भाजपा प्रत्याशी मोहनलाल पुत्र टीकमाराम निर्विरोध निर्वाचित हुए। वहीं, फागलिया के वार्ड संख्या 2 से भाजपा प्रत्याशी गुलबाराम निर्विरोध चुने गए। यहां कांग्रेस प्रत्याशियों के नामांकन खारिज होने के बाद दोनों सीटों पर भाजपा प्रत्याशियों का निर्विरोध निर्वाचन हुआ। फर्स्ट फेज में बाड़मेर जिला परिषद की 37 में से 23 सीटों पर वोटिंग, वार्ड 4 निर्विरोध निर्वाचित