भीलवाड़ा की सुभाष नगर थाना पुलिस ने स्कॉर्पियो चोरी की वारदात का खुलासा करते हुए एक अंतरराज्यीय शातिर वाहन चोर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की गई स्कॉर्पियो और वारदात में इस्तेमाल की गई अल्ट्रोज कार बरामद की है। आरोपी सवाईमाधोपुर का रहने वाला है और राजस्थान के विभिन्न थानों में 63 आपराधिक मामले दर्ज हैं। पहले देखें… वारदात की दो तस्वीरें अब पढ़िए … सिलसिलेवार पूरा घटनाक्रम 1. स्कॉर्पियो चोरी, कैमरे में कैद हुई वारदात भीलवाड़ा के सुभाष नगर थाना क्षेत्र में 11 जून को घर के बाहर खड़ी स्कॉर्पियो चोरी हो गई। पालड़ी चौराहे निवासी दिनेश कुमार की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया। शिकायत के अनुसार देर रात अल्ट्रोज कार से आए कुछ लोग स्कॉर्पियो चुराकर ले गए। पूरी वारदात वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। 2. सीसीटीवी, मुखबिर और पुरानी फोटो से आरोपी तक पहुंची पुलिस मामला दर्ज होने के बाद सुभाष नगर थाना पुलिस ने जांच टीम गठित की। टीम ने सीसीटीवी फुटेज, मुखबिरों से मिली सूचना और संभावित रूट चार्ट के आधार पर ब्यावर, अजमेर, किशनगढ़, जयपुर, जोधपुर, बाड़मेर और धोरीमना में तलाश की। जांच के दौरान आरोपी की पहचान सवाई माधोपुर जिले के बामनवास निवासी कुंजीलाल उर्फ बन्ने सिंह गुर्जर के रूप में हुई। वह वर्ष 2022 में भी वाहन चोरी के मामले में गिरफ्तार हो चुका था। उसकी पुरानी फोटो के आधार पर कॉन्स्टेबल सुनील ने पहचान की और तलाश शुरू की गई। 3. जयपुर सेंट्रल जेल से प्रोडक्शन वारंट पर गिरफ्तार, दो वाहन बरामद पुलिस ने डीएसटी जयपुर की मदद से आरोपी को जयपुर सेंट्रल जेल से प्रोडक्शन वारंट पर गिरफ्तार कर पांच दिन के रिमांड पर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी की निशानदेही पर चोरी की गई स्कॉर्पियो और वारदात में इस्तेमाल अल्ट्रोज कार बरामद की गई। चोरी की स्कॉर्पियो बाड़मेर से बरामद हुई। 4. आरोपी पर 63 मामले दर्ज, टीम को मिली सफलता पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ राजस्थान के विभिन्न थानों में वाहन चोरी सहित करीब 63 मामले दर्ज हैं। कार्रवाई करने वाली टीम में सुभाष नगर थाना प्रभारी कैलाश कुमार, एएसआई मुकेश, कॉन्स्टेबल सोनू, सुनील बिश्नोई और रतन शामिल रहे।