बाड़मेर में पॉक्सो के आरोपी ने ASP के सामने सुसाइड करने की कोशिश की। आरोपी ने टेबल पर रखे पेपर कटर से अपना गला काट लिया। आसपास मौजूद पुलिसकर्मियों ने उसे पकड़ा और लहूलुहान हालत में जिला अस्पताल लेकर गए। घटना पॉक्सो मामलों से संबंधित SIUCAW (Special Investigation Unit for Crimes Against Women) सेल के ASP ऑफिस का गुरुवार दोपहर 12:15 बजे का है। इलाज के बाद आरोपी को दोबारा ASP ऑफिस लाया गया। हालांकि मामले में SIUCAW सेल के ASP प्रभुराम ने कुछ भी बताने से इनकार कर दिया। फिंगर प्रिंट ले रहे थे, तभी किया सुसाइड का प्रयास बाड़मेर एएसपी नितेश आर्य ने बताया- महिला थाने में पॉक्सो का मामला दर्ज है। उसकी जांच SIUCAW एएसपी प्रभुराम कर रहे हैं। इस मामले में बुधवार शाम को 27 साल के आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया था। गुरुवार को उसे महिला क्राइम अनुसंधान कार्यालय में पूछताछ के लिए लाया गया। इसी दौरान आरोपी ने एएसपी प्रभुराम के सामने टेबल पर रखे पेपर कटर से अपना गला काटकर आत्महत्या का प्रयास किया। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों और अधिकारियों ने तुरंत उसके हाथ से पेपर कटर छीन लिया। युवक लहूलुहान हो गया, जिसके बाद उसे अस्पताल ले जाया गया। वहां उसका इलाज किया गया। एएसपी नितेश आर्य ने बताया कि आरोपी के फिंगरप्रिंट लिए जा रहे थे, तभी उसने यह कदम उठाया। हालांकि उसे ज्यादा गंभीर चोट नहीं आई है। इलाज के बाद उसे वापस ऑफिस लाया गया। उसकी हालत फिलहाल ठीक है। उन्होंने कहा कि इस घटना में कहीं लापरवाही हुई है या नहीं, इसकी जांच की जा रही है।