बाड़मेर रिंग रोड पर डोडा-पोस्त से भरी स्विफ्ट कार पीछे से अज्ञात वाहन में जा घुसी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा तीन फीट तक पिचक गया। हादसे में कार सवार तस्कर की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने कार से ब्लैक प्लास्टिक के कट्टों में 50 किलो डोडा-पोस्त बरामद किया है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को जिला अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया। घटना बाड़मेर रीको थाना क्षेत्र में सिणधरी रोड के पास बुधवार सुबह करीब 8 बजे हुई। तेज रफ्तार कार आगे चल रहे वाहन में घुसी, चालक गंभीर घायल एएसपी नीतेश आर्य ने बताया- रामसर का कुआ निवासी जगदीश उर्फ जोगाराम (45) पुत्र तेजाराम चौहटन से डोडा-पोस्त लेकर शिव की तरफ जा रहा था। रिंग रोड, आबकारी ऑफिस की तरफ जाने वाली रोड पर तेज रफ्तार स्विफ्ट कार आगे चल रहे एक अज्ञात वाहन में पीछे से जा घुसी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का अगला हिस्सा करीब तीन फीट तक पिचक गया। ड्राइवर सीट पर बैठे जोगाराम के सिर में गंभीर चोट लगी और पूरी सीट खून से लथपथ हो गई। लोगों ने गेट तोड़कर बाहर निकाला, अस्पताल में मृत घोषित हादसे की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। कार का गेट नहीं खुलने पर लोगों ने उसे तोड़कर जोगाराम को बाहर निकाला। इसके बाद एम्बुलेंस की मदद से उसे जिला हॉस्पिटल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शुरू की जांच हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस की एक टीम अस्पताल पहुंची, जबकि रीको थानाधिकारी चैन प्रकाश चौधरी अपनी टीम के साथ घटनास्थल पहुंचे। पुलिस ने मौके का मुआयना किया और जांच शुरू की। कार से मिले ब्लैक प्लास्टिक के कट्टे में 50 किलो डोडा-पोस्त, तीन मामले है पहले से दर्ज एएसपी ने बताया- पुलिस ने माप-तौल वाला कांटा मंगवाकर कार में रखे ब्लैक प्लास्टिक के कट्टों को बाहर निकलवाया और उनका वजन करवाया। उसमें 50 किलो डोडा-पोस्त थे। पुलिस के अनुसार कार मृतक जोगाराम के नाम पर दर्ज है। इसके खिलाफ पहले से तीन मामले सदर थान समेत जिले के थानों में दर्ज है। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि कार में मिला डोडा-पोस्त कहां से लाया गया था।