बकरियां चराने जा रही महिला को बोलेरो कैंपर ने टक्कर मार दी। हादसे में महिला की मौके पर ही मौत हो गई। दो बकरियां भी चपेट में आकर कुचली गई। धमाके की आवाज सुनकर लोग दौड़कर मौके पर पहुंचे। घटना के बाद ड्राइवर सामान से भी गाड़ी रोड पर छोड़कर फरार हो गया। घटना बाड़मेर जिले के धनाऊ थाना इलाके भारत माला रोड पर बावड़ी कलां (मीठे का तला गांव) में सोमवार सुबह 10 बजे के करीब हुई। सूचना मिलने पर धनाऊ थाना पुलिस मौके पर पहुंची। मामले की जांच की जा रही है। भारत-माला के रास्ते खेत की तरफ जा रही थी पुलिस के अनुसार- बोलेरो कैंपर की चपेट में आई महिला बादली देवी पत्नी कृष्णराम चौहटन के बावड़ी कलां गांव की रहने वाली थी। बादली देवी सोमवार सुबह 10 बजे बकरियां चराने के लिए भारत माला रोड से होकर खेत की तरफ जा रही थी। बावड़ी गांव से धनाऊ की तरफ जाने पर करीब 1 किलोमीटर दूर सामने से आ रही तेज रफ्तार बोलेरो कैंपर ने बादली देवी और बकरियों को टक्कर मार दी। बादली देवी और दो बकरियों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। बोलेरो कैंपर ड्राइवर गाड़ी वहीं छोड़ मौके से फरार हो गया। बेटे ने दी रिपोर्ट हादसे की सूचना मिलने पर धनाऊ पुलिस मौके पर पहुंची। महिला को चौहटन हॉस्पिटल ले जाया गया, जहा डॉक्टर ने मृत घोषित किया। शव को चौहटन हॉस्पिटल की मॉर्च्युरी रखवाया गया। बादली देवी के बेटे श्रवण कुमार ने रिपोर्ट दी। इसके बाद पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सुपुर्द किया गया। पुलिस ने बोलेरो कैंपर को जब्त कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है।