बाड़मेर में शनिवार की सुबह स्कूली बच्चों से भरी एक मिनी बस बेकाबू होकर सड़क से नीचे उतर गई और पलट गई। बस में कुल 28 बच्चे सवार थे, जिनमें से 5 बच्चे घायल हो गए। हालांकि किसी भी बच्चे को गंभीर चोट नहीं आई। घटना शनिवार सुबह करीब 8 बजे बायतु-बोड़वा-सरणु मार्ग पर खंरटिया भाखरी के पास हुई। रविंद्र नाथ टैगोर स्कूल, बोड़वा की मिनी बस बच्चों को घरों से लेकर स्कूल जा रही थी। इसी दौरान सड़क के मोड़ पर ड्राइवर बस से नियंत्रण खो बैठा, जिससे बस पलट गई। इसके बाद चीख-पुकार मच गई। आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बस में फंसे बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला। सूचना पर बायतु पुलिस भी मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल बायतु अस्पताल पहुंचाया गया। घायलों में तुषार (6), छोटूसिंह (15), भानु (6), कुशाल (7) और किरण (11) शामिल हैं। प्राथमिक इलाज के बाद सभी बच्चों को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। बायतु थाना प्रभारी (सीआई) खेताराम ने बताया कि बस में कुल 28 बच्चे सवार थे। हादसे में पांच बच्चों को मामूली चोटें आईं, जिनका इलाज कर उन्हें घर भेज दिया गया है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त मिनी बस को जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है। बाड़मेर में चल रही थी महाराष्ट्र नंबर की बस हादसे के बाद यह भी सामने आया कि निजी स्कूल बच्चों के परिवहन के लिए महाराष्ट्र पंजीकरण (एमएच) नंबर की बस का उपयोग कर रहा था। स्थानीय लोगों ने स्कूल वाहनों की नियमित जांच और सुरक्षा नियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने की मांग की है।