जिले में करीब 15 दिन बाद बुधवार रात मौसम ने करवट ली और कई क्षेत्रों में रातभर रिमझिम बारिश हुई। गुरुवार सुबह भी कुछ इलाकों में हल्की बूंदाबांदी का दौर जारी रहा। रात से सुबह 8 बजे तक जिले में औसतन 17.6 एमएम बारिश दर्ज की गई। बारिश के बाद लोगों को उमस और गर्मी से हल्की राहत मिली। मौसम विभाग ने 23 और 24 जुलाई को जिले में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। जिले में सबसे अधिक बारिश भीनमाल में 41 एमएम दर्ज की गई। इसके अलावा जालोर में 35, भाद्राजून में 34, आहोर और सायला में 25-25, बागोड़ा में 8 और जसवंतपुरा, रानीवाड़ा, चितलवाना और सांचौर में 2-2 एमएम बारिश हुई। किसानों के लिए राहत की बारिश मानसून की पहली बारिश के करीब 15 दिन बाद हुई इस बारिश से किसानों को राहत मिली है। हालांकि जिले में अभी भी अच्छी बारिश की आवश्यकता है। कई क्षेत्रों में पर्याप्त बारिश नहीं होने के कारण खेतों में बुवाई का काम पूरी तरह शुरू नहीं हो पाया है। जसवंतपुरा, भीनमाल, सांचौर और रानीवाड़ा क्षेत्र में मानसून की पहली अच्छी बारिश के बाद किसानों ने बुवाई कर दी थी। ऐसे में बुधवार रात हुई बारिश इन फसलों के लिए संजीवनी साबित हो सकती है। जालोर में बुधवार को दिन का अधिकतम तापमान 32.2 डिग्री और रात का न्यूनतम तापमान 29.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिनों में जिले के कई हिस्सों में तेज बारिश की संभावना है।