क्रेटा कार में आए चार बदमाशों ने एक व्यापारी को उसके जूते के शोरूम से कीडनैप कर लिया। बदमाश पहले शोरूम में घुसे और व्यापारी पर डंडे से हमला किया। इसके बाद दो बदमाश उसे जबरदस्ती उठाकर कार में डालकर भाग हो गए। पूरी वारदात शोरूम में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई। घटना बाड़मेर जिले के रीको थाना इलाके में महादेव मार्केट स्थित एसजी मार्ट के पास शुक्रवार रात करीब 9 बजे हुई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने बाड़मेर और बालोतरा में तुरंत नाकाबंदी करवा दी। तस्कर के गांव की तरफ पुलिस ने किया पीछा शोरूम और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के आधार पर रीको थाना पुलिस की दो टीमें तुरंत बदमाशों के पीछे लग गईं। पुलिस को पता चला कि मामले में शामिल तस्कर रेखाराम नागाणा थाना इलाके के रेवाला बाटाडू गांव का रहने वाला है। इसके बाद पुलिस ने तीन गाड़ियों से उतरलाई, नागाणा, चौखला, रेवाला बाटाडू और भाडखा की तरफ लगातार पीछा किया। लगातार पीछा होने और पुलिस का दबाव बढ़ता देख बदमाश व्यापारी के साथ मारपीट कर उसे रेवाला बाटाडू के पास कच्चे रास्ते पर छोड़कर फरार हो गए। इसके बाद पुलिस व्यापारी को अपने साथ थाने लेकर पहुंची। वहां उससे पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली गई और मेडिकल भी करवाया गया। फिलहाल पुलिस फरार बदमाशों की तलाश में जुटी हुई है। गर्दन और कमर से पकड़कर कार में डाला रीको थानाधिकारी चैन प्रकाश के अनुसार नागाणा थाना इलाके के चौखला गांव निवासी गणेश (25) पुत्र प्रहलादराम भांभू शुक्रवार रात सिणधरी रोड स्थित एसजी मार्ट के पास अपने स्काई शू जूतों के शोरूम में बैठा था। रात करीब 9 बजकर 10 मिनट पर एक क्रेटा कार वहां आकर रुकी। कार से दो बदमाश डंडा लेकर शोरूम के अंदर घुसे और गणेश पर हमला कर दिया। गणेश ने खुद को बचाने की कोशिश की, लेकिन दोनों बदमाशों ने उसकी गर्दन और कमर पकड़कर जबरदस्ती उठाया और बाहर खड़ी क्रेटा कार में डाल दिया। इसके बाद कार में बैठे अन्य बदमाशों के साथ उसे लेकर मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही रीको थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने तुरंत बाड़मेर और बालोतरा जिले में नाकाबंदी करवाई। शोरूम और आसपास के सीसीटीवी फुटेज की जांच के दौरान एक बदमाश की पहचान तस्कर रेखाराम महिया के रूप में हुई। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और फरार आरोपियों की तलाश जारी है। मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश जारी रीको थानाधिकारी चैन प्रकाश ने बताया- पीड़ित के साथ मामूली मारपीट की गई है। बयान के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। पीड़ित का मेडिकल करवाकर बदमाशों की तलाश की जा रही है।