दैनिक भास्कर समूह के सामाजिक सरोकार अभियान एक पेड़, एक जिंदगी मिशन के तहत गुरुवार को राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय सांसियों का तला में पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से चलाए जा रहे इस अभियान के तहत बाड़मेर के विभिन्न क्षेत्रों में कुल 500 पौधे लगाए व वितरित किए जा चुके हैं। इसी कड़ी में गुरुवार को सांसियों का तला राजस्व गांव व स्कूल प्रांगण में स्टेट अवार्डी शिक्षक व पर्यावरण कार्यकर्ता मुकेश बोहरा अमन के नेतृत्व में सघन पौधरोपण किया गया। इस दौरान विद्यालय परिसर में अलग-अलग प्रजातियों के छायादार व फलदार पौधे रोपे गए। साथ ही उपस्थित छात्र-छात्राओं को घरों में लगाने के लिए पौधों का वितरण भी किया गया। कार्यक्रम के दौरान पर्यावरण कार्यकर्ता मुकेश बोहरा ने ग्रामीणों और स्कूली बच्चों को पर्यावरण का महत्व समझाया। उन्होंने कहा कि वृक्ष केवल हमें ऑक्सीजन ही नहीं देते, बल्कि धरती का संतुलन भी बनाए रखते हैं। कार्यक्रम के अंत में सभी ग्रामीणों व बच्चों को पौधों की सुरक्षा करने और नियमित रूप से पानी देने का संकल्प दिलाया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में विद्यालय स्टाफ, विद्यार्थी और स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।