पश्चिमी विक्षोभ की वजह से कमजोर रहा तापमान अब लगातार बढ़ रहा है। मंगलवार को बाड़मेर भीषण गर्मी की चपेट में रहा। दिन में तापमापी पर पारा 41.6 और रात का 25.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पिछले कुछ दिनों से गर्मी तेजी से बढ़ रही है। यही वजह है कि दोपहर में गर्मी के कारण आमजन परेशान रहा। अब शहर में कूलर, पंखे व एसी की बिक्री अचानक बढ़ गई है। दिन में अब इन दुकानों पर भीड़ देखने को मिल रही है। प्रदेश में बाड़मेर सबसे गर्म रहा। आमतौर पर अप्रैल के शुरुआती हफ्तों में गर्मी अपने चरम पर होती है। इस बार पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता ने तापमान को बांधे रखा था। अब पिछले कुछ दिनों से जैसे ही बादलों की आवाजाही रुकी, शुष्क हवाओं ने मैदान संभाल लिया। इससे दिन का पारा सामान्य से अधिक होकर 41.6 डिग्री और रात का पारा 25.0 डिग्री दर्ज किया गया। थर्मल रेडिएशन के कारण रात में भी राहत नहीं मिल रही है। हालांकि, पिछले साल की तुलना में अब तक अप्रैल में पारा 3-4 डिग्री तक कम है। 14 अप्रैल 2025 को बाड़मेर का अधिकतम पारा 44 डिग्री था। इस बार 41.6 डिग्री है। अब गर्मी अपना असर दिखाएगी। हीट वेव का अलर्ट मौसम विभाग की चेतावनी के अनुसार कल से लू की शुरुआत हो सकती है। इससे पारा 43 डिग्री के पार जाने की संभावना है। हीट वेव का अलर्ट आगामी 3-4 दिन तक जारी रहेगा। इस बार अप्रैल में करीब 45 डिग्री तक पारा पहुंचने की संभावना है।