बाड़मेर में एक तरफ हीट वेव को लोगों को झुलसा रही है। वहीं दूसरी तरफ ग्रामीण इलाकों में पानी की किल्लत से लोग परेशान हैं। आक्रोशित ग्रामीण जलदाय विभाग की पानी की टंकी पर चढ़कर प्रदर्शन कर रहे हैं। इसमें महिलाएं भी शामिल हैं। महिलाएं रसोई का सामान भी साथ ले आईं हैं। उन्होंने कहा- जब तक पानी की समस्या का समाधान नहीं होगा। तब तक घर नहीं जाएंगे। सुबह इकट्ठा होकर प्रदर्शन किया रामसर थाना इलाके सियाणी गांव मंगलवार को सुबह करीब 10:30 बजे ग्रामीणों ने प्रदर्शन शुरू किया। जानकारी लगने पर जलदाय विभाग के अधिकारी, रामसर थाना पुलिस और तहसीलदार मौके पर पहुंचे। महिलाओं और ग्रामीणों से समझाइश करने का प्रयास किया जा रहा है। लेकिन महिलाएं व ग्रामीण पानी की समस्या का समाधान करने की मांग पर अड़े हुए हैं। समाधान नहीं हुआ तो टंकी पर चढ़े दरअसल, जिले के ग्रामीण इलाकों में इस भीषण गर्मी में लोग पानी की किल्लत से परेशान हैं। रामसर उपखंड के सियाणी गांव में कुछ दिन पहले जलदाय विभाग ऑफिस के आगे मटकी फोड़ कर प्रदर्शन किया था। बावजूद इसके समस्या का समाधान नहीं होता देख मंगलवार को महिलाएं सियाणी गांव में पानी की टंकी पर चढ़ गए। खाने का सामान साथ लाए ग्रामीणों का कहना है कि इन दिनों बाड़मेर में तापमान 45 डिग्री के आसपास चल रहा है। एक होदी बनी हुई है। उसमें भी पानी कभी कभार आता है। सियाणी समेत आसपास के गांवों में पानी की भंयकर किल्लत है। घरों में पानी की सप्लाई नहीं होती है। आक्रोशित महिलाएं टंकी पर चढ़ गई हैं। महिलाओं का कहना है कि जब तक पानी नहीं आएगा तब हम लोग टंकी से नीचे नहीं उतरेंगे। महिलाएं खाना बनाने के लिए घरेलू सामान लेकर आ गई हैं। उनका कहना है की पानी नहीं आएगा तब हम घर नहीं जाएंगे।