मेरा पति, देवर और सास, तीनों रोज मुझसे झगड़ा करते हैं। मैं सुसाइड कर रही हूं। हाथ जोड़कर विनती है कि किसी बेटी के साथ ऐसा नहीं हो। यह लिखकर बाड़मेर में इंद्रा विश्नोई (24) पत्नी मदन लाल ने ससुराल में सुसाइड कर लिया। मंगलवार की रात को वह अपने कमरे में गई थी। बुधवार सुबह देर तक कमरे से बाहर नहीं निकली तो गेट तोड़कर परिजन कमरे में घुसे। उसका शव फंदे से लटका मिला। मामला सेड़वा थाना क्षेत्र की ढाकों की ढाणी का है। थानाधिकारी प्रभुराम ने बताया- आज सुबह करीब 9 बजे पुलिस मौके पर पहुंची। इंद्रा को फंदे से उतारकर जांच के लिए सेड़वा के हॉस्पिटल पहुंचाया, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतका के पास से एक सुसाइड नोट भी मिला है। इसमें पति मदन, देवर दिनेश ढाका और सास मानी देवी के खिलाफ दहेज के लिए प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। पुलिस के अनुसार- घटना के समय पति घर पर नहीं था। सुसाइड नोट और मृतका के चाचा वीरदाराम की रिपोर्ट पर हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। चौहटन डीएसपी जेठाराम मामले की जांच कर रहे हैं। चाचा बोले- जमीन से टच हो रहे थे पैर चितलवाना (जालोर) निवासी चाचा वीरदाराम ने बताया- सुबह सुसरालवालों का फोन आया कि आपकी बच्ची कमरे के अंदर है। गेट नहीं खोल रही है। हमारे आने से पहले पुलिस पहुंच चुकी थी। हमने देखा कि इंद्रा फंदे से लटकी हुई थी। उसके पैर जमीन से टच हो रखे थे। ससुरालवाले इंद्रा से लड़ते-झगड़ते थे। उसकी शादी आटा-साटा में हुई थी, लेकिन शादी के बाद से उसे लगातार परेशान किया जा रहा था। हमने कई बार समझाइश भी की थी। तीन साल पहले हुई थी शादी इंद्रा के पिता रुगनाथराम निवासी जालोर ने बताया- बेटी इंद्रा की शादी 3 साल पहले मदन के साथ की थी। सूचना मिलते ही हम उसके घर पहुंचे, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। इंद्रा का पति मदन फोटोग्राफी का काम करता है। ससुरालवाले उसे दहेज के लिए प्रताड़ित कर रहे थे। आखिरकार परेशान होकर बच्ची ने जान दे दी।