जोधपुर डिस्कॉम के बाड़मेर जोन ने फाइनेंनशियल ईयर 2025-26 में टारगेट पूरा कर रिकॉर्ड बनाया है। मार्च 2026 के महीने में टीम ने 172% टारगेट पूरार किया है। बाड़मेर जोन में आने वाले सभी सर्किल ने 100 प्रतिशत टारगेट पूरा किया है। ऐसे में जैसलमेर सर्किल के लिए वर्ष 2025-26 में 1203.93 करोड़ रुपए का आंकलन किया था। इसमें से विभाग ने 1204.63 करोड़ रुपए की वसूली कर 100.06% टारगेट पूरा किया है। लक्ष्य प्राप्ति के पीछे मुख्य रणनीतियां बाड़मेर ज़ोन ने इस ऐतिहासिक उपलब्धि को प्राप्त करने के लिए जनवरी माह से ही योजनाबद्ध और डेटा-आधारित कार्रवाई शुरू कर दी थी। मुख्य अभियंता एन के जोशी के अनुसार जोन स्तर पर उन उपखंडों की पहचान की गई जहाँ बकाया राशि सबसे अधिक थी। इन क्षेत्रों को 'फोकस ज़ोन' मानकर अतिरिक्त सहायक अभियंताओं (AEN), कनिष्ठ अभियंताओं (JEN) और सपोर्ट स्टाफ की तैनाती की गई। डिस्कॉम चीफ बाड़मेर जोन NK जोशी ने बताया- वसूली प्रक्रिया को पारदर्शी और प्रभावी बनाने के लिए हमने कई कदम उठाए। हमारे द्वारा हर उपखंड में शीर्ष बकायेदारों की सूची तैयार की गई और प्रत्येक फीडर-इंचार्ज को व्यक्तिगत रूप से उपभोक्ताओं से संपर्क करने की जिम्मेदारी दी गई। राजस्व संग्रहण के लिए घर-घर (डोर-टू-डोर) अभियान चलाया गया और नियम न मानने वाले डिफॉल्टर उपभोक्ताओं के कनेक्शन काटे गए। जोशी ने बताया- वास्तविक समय की निगरानी के लिए साप्ताहिक वीडियो कॉन्फ्रेंस (VC) और रिव्यू बैठक आयोजित की गईं। कमजोर प्रदर्शन वाले क्षेत्रों के लिए विशेष नोडल अधिकारी नियुक्त किए गए ताकि बाधाओं को तुरंत दूर किया जा सके। सरकारी बकाया पर विशेष फोकस राजस्व लक्ष्यों को पूरा करने में सरकारी विभागों से बकाया राशि की वसूली का भी महत्वपूर्ण योगदान रहा। जैसलमेर में जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग (PHED) से 5.67 करोड़ रुपये और BFL से 3.81 करोड़ रुपए का बकाया वसूलने के लिए प्रबंधन स्तर पर समन्वय किया गया। पूरे ज़ोन में इसी तरह PHED, पंचायत राज, पुलिस और शिक्षा विभाग जैसे संस्थानों के लंबित बिलों की अदायगी सुनिश्चित कराई गई।