धौलपुर के बसेड़ी क्षेत्र में सोमवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक युवक पंचायत समिति परिसर स्थित सांख्यिकी विभाग के टॉवर पर चढ़ गया। युवक के टॉवर पर चढ़ने की सूचना मिलते ही मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, युवक प्रेम प्रसंग के चलते नाराज बताया जा रहा है। वह काफी देर तक टॉवर पर चढ़कर हंगामा करता रहा, जिससे स्थानीय प्रशासन और पुलिस की चिंता बढ़ गई। घटना की सूचना मिलते ही बसेड़ी थाना प्रभारी बालकृष्ण चौधरी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। एसडीएम सुरेंद्र प्रसाद भी घटनास्थल पर पहुंचे और युवक को सुरक्षित नीचे उतारने के प्रयास शुरू किए गए। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी लगातार युवक से बातचीत कर उसे समझाने का प्रयास कर रहे हैं। एहतियात के तौर पर मौके पर पुलिस बल तैनात किया गया है। खबर लिखे जाने तक युवक टॉवर से नीचे नहीं उतरा था। युवक के नीचे उतरने के बाद ही पूरे मामले के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।