पन्नाधाय सुरक्षा एवं सम्मान जागृति सप्ताह के तीसरे दिन ब्यावर में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम पीएम श्री राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक स्कूल, छावनी रोड पर निर्धारित गतिविधियों के तहत हुआ। इस अवसर पर पन्नाधाय सुरक्षा एवं सम्मान केंद्र की केंद्र प्रबंधक बरखा दगदी ने छात्राओं को सुरक्षा, विधिक जागरूकता और डिजिटल सुरक्षा के संबंध में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने निदेशालय के निर्देशों के अनुसार छात्राओं की सुरक्षा से जुड़े प्रमुख कानूनों के बारे में बताया। दगदी ने आपातकालीन हेल्पलाइन नंबर 1098, 112, 1090, 181 और 1930 के महत्व पर भी प्रकाश डाला। कार्यक्रम के दौरान महिला सुरक्षा सलाह केंद्र और वन स्टॉप सेंटर की सेवाओं की जानकारी भी साझा की गई। बढ़ते साइबर अपराधों के मद्देनजर डिजिटल सुरक्षा के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। छात्राओं को सतर्क और जागरूक रहने के लिए प्रेरित किया गया। स्कूल की छात्राओं ने इस कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक भाग लिया और महत्वपूर्ण सुरक्षा जानकारियों से लाभान्वित हुईं।