ब्यावर के श्री संकट मोचन हनुमान मंदिर परिसर में गुरूवार श्री हनुमान जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया गया। यह आयोजन श्री फाउंडेशन ट्रस्ट के “ज्ञान से जीवन दिशा में सेवा – कृष्ण नीति दर्शन” कार्यक्रम के तहत किया गया। कार्यक्रम राष्ट्रीय संत गोविंद देव गिरी महाराज के सानिध्य में संपन्न हुआ। इस अवसर पर श्री सीमेंट परिवार के मानद चेयरमैन बेणुगोपाल बांगड़, चेयरमैन हरि मोहन बांगड़ (सपत्नीक), वाइस चेयरमैन प्रशांत बांगड़ (सपत्नीक) और प्रबंध निदेशक नीरज अखौरी सहित कई गणमान्य व्यक्ति मौजूद थे। हनुमान जयंती के उपलक्ष्य में, बांगड़ परिवार ने संत के सानिध्य में श्री संकट मोचन हनुमान जी का पंचामृत से अभिषेक किया और विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। इसके बाद बालाजी को झूले में विराजमान कर भव्य आरती उतारी गई। जन्मोत्सव के बाद, श्री सीमेंट के वाइस चेयरमैन प्रशांत बांगड़ ने अपनी पत्नी रानू बांगड़ के साथ श्री कृष्ण ग्रंथ की विधिवत पूजा की। पूजा के उपरांत उन्होंने पवित्र ग्रंथ को शिरोधार्य कर हनुमान जी के समक्ष उसकी आरती उतारी। इसके पश्चात मंदिर से कथा स्थल तक एक भव्य कलश यात्रा निकाली गई। इस यात्रा में श्री सीमेंट लेडीज क्लब की महिलाओं ने सिर पर कलश धारण कर भाग लिया। प्रशांत बांगड़ (सपत्नीक), श्री परिवार के सदस्य, श्री सीमेंट के कर्मचारी, लेडीज क्लब, स्टाफ क्लब, चिल्ड्रन क्लब के सदस्य और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन इस यात्रा में शामिल हुए। यात्रा के समापन पर, सभी कलशों को कथा स्थल पर पूजनीय ग्रंथ के साथ विधिवत स्थापित किया गया। यहां शास्त्रोक्त विधि से पूजा-अर्चना संपन्न हुई।