ब्यावर के डिग्गी चौक से रोडवेज बस स्टैंड तक मुख्य नाला जाम हो गया है। शुक्रवार को हुई हल्की बारिश और ओलावृष्टि के बाद स्थिति और बिगड़ गई। चार दिन बीत जाने के बावजूद नालों का गंदा पानी सड़कों पर भरा हुआ है, जिससे पूरे वार्ड में कीचड़ और बदबू फैल गई है। स्थानीय निवासियों के अनुसार, डिग्गी चौक में पानी निकासी के लिए बने वर्षों पुराने नाले, जिनकी गहराई लगभग 5 से 6 फीट है, कीचड़ से भर गए हैं। वर्ष 2002 के बाद से इन नालों की ठीक से सफाई नहीं हुई है, जिससे पानी की निकासी बाधित हो रही है। इसके चलते सड़कों पर गंदा पानी जमा हो गया है। स्थानीय लोगों ने बताया कि चांग गेट, आर्य समाज गली, हरिजन बस्ती और कसाबान मोहल्ला जैसे कई इलाकों का गंदा पानी इन्हीं नालों से होकर गुजरता है। नालों के जाम होने से यह समस्या और बढ़ गई है। कुछ स्थानों पर अवैध निर्माण के कारण नालों का रास्ता भी रुक गया है, जिससे सफाई कार्य में बाधा आ रही है। क्षेत्रवासियों के अनुसार, बारिश के दौरान स्थिति और खराब हो जाती है। सड़कों पर 3 से 4 फीट तक पानी भर जाता है, जो घरों में भी घुस जाता है। लोगों को घंटों तक पानी उतरने का इंतजार करना पड़ता है। पानी निकलने के बाद भी नालों का कीचड़ 5 से 8 इंच तक सड़कों पर जमा रहता है। निवासियों ने नगर परिषद प्रशासन पर अनदेखी का आरोप लगाते हुए चेतावनी दी है कि यदि भविष्य में बारिश के दौरान कोई जनहानि होती है, तो इसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। उन्होंने मांग की है कि डिग्गी चौक से भगत चौराहे होते हुए सिटी थाना के सामने बने बड़े नाले को रोडवेज बस स्टैंड तक तत्काल प्रभाव से खुलवाकर उसकी सफाई करवाई जाए। क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से अपील की है कि शीघ्र कार्रवाई कर उन्हें इस गंभीर समस्या से राहत दिलाई जाए, ताकि आगामी मानसून में उन्हें इस तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।