धार्मिक नगरी डिग्गी में बुधवार को श्री जी सर्व धर्म सेवा संस्थान की ओर से 19वें सामूहिक विवाह सम्मेलन का आयोजन किया गया। डिग्गी स्थित गौड़ धर्मशाला में आयोजित इस सम्मेलन में 21 जोड़ों ने सात फेरे लिए। सम्मेलन में पंडितों और अतिथियों ने नवदंपतियों को सुखद एवं समृद्ध दांपत्य जीवन का आशीर्वाद दिया गया। बोले- आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को मिलता है संबल कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सरस डेयरी जयपुर के डायरेक्टर रामनारायण कांदला रहे। वहीं अखिल भारतीय हरियाणा गौड़ ब्राह्मण महासभा के प्रदेशाध्यक्ष जयनारायण शर्मा, लालचंद शर्मा एवं शंकर यादव विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। अतिथियों ने सामूहिक विवाह जैसे आयोजनों को समाज के लिए प्रेरणादायक बताते हुए कहा कि ऐसे आयोजन सामाजिक एकता, आपसी सहयोग और सादगीपूर्ण विवाह की परंपरा को मजबूत करते हैं। इससे आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को बड़ी राहत मिलती है और समाज में अनावश्यक खर्चों पर भी अंकुश लगता है। 21 जोड़ों ने लिए 7 फेरे समिति अध्यक्ष महेंद्र शर्मा ने बताया कि सम्मेलन की शुरुआत सुबह नवविवाहित जोड़ों की पारंपरिक निकासी के साथ हुई। बैंड-बाजों और धार्मिक माहौल के बीच निकासी निकाली गई, जिसमें परिजनों और श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इसके बाद गौड़ धर्मशाला परिसर में वैदिक आचार्यों के सान्निध्य में विधिवत पाणिग्रहण संस्कार संपन्न कराया गया। वैदिक मंत्रों की गूंज और शुभ मंगल गीतों के बीच सभी 21 जोड़ों ने सात फेरे लेकर एक-दूसरे का साथ निभाने का संकल्प लिया। निशुल्क आयोजित हुआ विवाह सम्मेलन संस्थान के सचिव रमेश गुर्जर ने बताया कि सम्मेलन को सफल बनाने के लिए कई दिनों से तैयारियां की जा रही थीं। विवाह स्थल की सजावट, वर-वधू एवं उनके परिजनों के बैठने की व्यवस्था, भोजन, पेयजल, विद्युत, सुरक्षा और अन्य आवश्यक सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा गया, जिससे सभी कार्यक्रम सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके। इसी सोच के तहत विवाह सम्मेलन में शामिल होने वाले किसी भी जोड़े से किसी प्रकार का शुल्क नहीं लिया गया। संस्था वर्षों से निस्वार्थ भाव से इस सामाजिक सेवा कार्य को आगे बढ़ा रही है, जिससे अनेक परिवारों को आर्थिक संबल मिलने के साथ-साथ सामाजिक सम्मान भी प्राप्त होता है। सम्मेलन के दौरान उपस्थित अतिथियों ने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य, सुख-समृद्धि और खुशहाल वैवाहिक जीवन की कामना की। कार्यक्रम को सफल बनाने में मुकेश शर्मा, तूफान मीणा, कप्तान सुनील, जितेंद्र शर्मा, हंसराज, राजेंद्र, महावीर, मंच संचालक केसर भामाशाह लाल वर्मा, मदन भांवरिया, विनोद बलसेरा, हनुमान लालवास, राजू मीणा जयपुर, गंगाराम भेडोलिया, गोपाल देलास्या, बल्लू सैनी वाटिका, राम अवतार मीणा जयपुर, हनुमान सिराधवा तथा हरि नारायण सैनी सहित अनेक कार्यकर्ताओं ने सक्रिय सहयोग प्रदान किया। इनपुट: दीपांशु पाराशर, डिग्गी।