भरतपुर की बयाना विधायक और ग्रामीणों की मांग के बाद जटमासी से रूपवास तक सड़क बनाने का टेंडर लेने वाली कंपनी को ब्लैकलिस्ट करने की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। इसको लेकर मंगलवार को रूपवास PWD परिसर में विधायक ऋतु बनावत और ग्रामीणों ने धरना दिया था। विधायक और ग्रामीण पूरी रात तक धरने पर बैठे रहे। विरोध प्रदर्शन के दौरान विधायक ने धरना स्थल पर सब्जियां भी काटी थी। इसके बाद धरने में शामिल लोगों ने भोजन किया था। कंपनी को ब्लैकलिस्ट करने की मांग विधायक ऋतु बनावत ने बताया- हमारी तीन मांगें थीं। जटमासी से रूपवास वाला रोड़ बनाने का टेंडर लेने वाले ठेकेदार को ब्लैकलिस्ट किया जाए। ठेकेदार के टेंडर कैंसिल किए जाएं। नए टेंडर कब होंगे उसकी तारीख हमें बताई जाए। इसके अलावा रोड के गड्‌ढों की मरम्मत को लेकर स्थिति साफ की जाए। 25 सितंबर तक ठेकेदार होगा ब्लैकलिस्ट विधायक बोलीं- इन मांगों को लेकर हम यहां धरने पर बैठे थे। इस टेंडर को कैंसिल करने के लिए कई बार बात हुई। उसके बाद भी कोई सुनवाई नहीं हुई थी। कल धरने के बाद टेंडर को कैंसिल कर ठेकेदार को ब्लैकलिस्ट किया गया। जयपुर से ऑथेंटिक लेटर हमारे पास आ चुका है। 25 सितंबर तक ठेकेदार को ब्लैकलिस्ट कर दिया जाएगा। उसी दिन सड़क बनाने के लिए नए टेंडर की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। इसके साथ रोड़ पर मरम्मत का काम शुरू दिया जाएगा। टेंडर मिलने के बाद भी सड़क नहीं बनाई जटमासी गांव के निवासी पारस चौधरी ने बताया- जटमासी से रूपवास आने वाला रोड़ लगभग 17 किलोमीटर का है। PWD विभाग ने रोड़ बनाने का टेंडर कमल बिल्डर्स को दिया था। रोड़ को 16 अगस्त 2025 से 15 जून 2026 तक 11 करोड़ 44 हजार रुपये की कीमत से बनाया जाना था। विभाग ने ठेकेदार को टेंडर तो दे दिया लेकिन ठेकेदार ने काम ही शुरू नहीं किया। सड़क पर 2 से 3 फीट के गड्ढे हो गए हैं। गड्ढों में रोजाना वाहन फंस रहे हैं। कई बार तो, दुपहिया वाहन चालक गिर भी जाते हैं। जिससे वह घायल हो रहे हैं।