ब्यावर के साकेतनगर में एक व्यक्ति की जहर खाने से मौत हुई। परिजनों ने एक शराब कारोबारी पर दबाव बनाने का आरोप लगाया है। मृतक के बेटे की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। उपनिरीक्षक कुंभाराम ने बताया कि मृतक के बेटे पुनित ने मामला दर्ज कराया है। रिपोर्ट में बताया 11 अक्टूबर को महेंद्र मेवाड़ा उसके पिता दीपसिंह को वाइंस शॉप ले गया था। 13 अक्टूबर दोपहर 3:38 बजे दीपसिंह ने पुनित को फोन पर महेंद्र मेवाड़ा से झगड़े और जहर खाने की जानकारी दी। इसके बाद पुनित ने जमालपुरा के गंगामाई मंदिर पास पिता को पड़ा देखा। दीपसिंह ने उसे सेल्फॉस की गोलियों का डिब्बा देकर चार गोलियां खाने की बात बताई। इसके बाद दीपसिंह की इलाज के दौरान 13 अक्टूबर की रात अजमेर के जेएलएन अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। इसके बाद 14 अक्टूबर को साकेतनगर थाने में मामला दर्ज कराया। परिजनों ने अजमेर में पोस्टमार्टम से पहले दुकान मालिक की गिरफ्तारी मांगी। परिजनों और ग्रामीणों ने ब्यावर कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर आरोपी की गिरफ्तारी व निष्पक्ष जांच मांग की। रिपोर्ट में आरोप लगाया गया कि महेन्द्र मेवाड़ा ने दीपसिंह पर 40 से 45 लाख रुपए के गबन का झूठा आरोप लगाकर उन पर अनुचित दबाव बनाया और कथित रूप से अवैध वसूली का प्रयास किया। परिवादी के अनुसार इसी दबाव के चलते उसके पिता ने जहरीली गोलियां खा लीं।