ब्यावर नगर परिषद ने बुधवार अलसुबह मेवाड़ी गेट के बाहर कब्रिस्तान भूमि पर हुए अवैध कब्जों और निर्माणों पर बड़ी कार्रवाई की। परिषद की टीम भारी तैयारी के साथ मौके पर पहुंची और बिना किसी देरी के अतिक्रमण हटाने का अभियान शुरू कर दिया। पिछले कई दिनों से इस क्षेत्र में कब्रिस्तान की भूमि पर अतिक्रमण की शिकायतें मिल रही थीं। इसी के मद्देनजर नगर परिषद प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए बुधवार को यह कार्रवाई की। अतिक्रमण हटाने के लिए जेसीबी मशीनों का उपयोग किया गया, जिनकी सहायता से अवैध निर्माणों को ध्वस्त किया गया। इस दौरान नगर परिषद के जेईएन कपिल गोरा, आरओ गणपत लाल, लोकवास्तु मिस्त्री अशोक जादम, अतिक्रमण शाखा के कर्मचारी, परिषद की जमादार टीम, सफाई सैनिक और अन्य स्टाफ मौजूद रहे। पूरी कार्रवाई आयुक्त श्रवण राम चौधरी के निर्देशन में संपन्न हुई। कार्रवाई पर लोगों ने जताया संतोष नगर परिषद की इस कार्रवाई पर क्षेत्रवासियों ने संतोष व्यक्त किया। उनका कहना था कि इस तरह की कार्रवाई से आमजन को राहत मिलती है और अतिक्रमणकारियों में भय बना रहता है। नगर परिषद की टीम ने भविष्य में भी शहर के विभिन्न क्षेत्रों में अतिक्रमण हटाने का अभियान जारी रखने के संकेत दिए हैं।