सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती पर शनिवार को जिला प्रशासन ने ब्यावर में रन फॉर यूनिटी का आयोजन किया। इसमें करीब 1500 युवाओं ने हिस्सा लिया और राष्ट्रीय एकता, अखंडता व भाईचारे का संदेश दिया। दौड़ सुबह 7 बजे जिला कलेक्टर कार्यालय से शुरू हुई। प्रतिभागी अजमेरी गेट, पांच बत्ती, चांग गेट और गांधी सर्किल से होते हुए राजकीय पटेल उच्च माध्यमिक विद्यालय पहुंचे। समापन समारोह में अतिथियों ने सरदार पटेल के जीवन और देश की एकता-अखंडता को मजबूत करने में उनके योगदान के बारे में बताया। प्रतिभागियों को राष्ट्रीय एकता और अखंडता बनाए रखने की शपथ भी दिलाई गई। कार्यक्रम में जिला कलेक्टर कमल राम मीणा, अतिरिक्त जिला कलेक्टर ब्रह्म लाल जाट, जिला पुलिस अधीक्षक रतन सिंह राठौड़, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. अनुकृति उज्जैनिया और एसडीएम जयपाल सिंह राठौड़ मौजूद रहे। इनके अलावा विभिन्न विभागों के अधिकारी भी शामिल हुए। र न फॉर यूनिटी में स्कूल-कॉलेज के विद्यार्थियों, एनसीसी, एनएसएस, स्काउट-गाइड स्वयंसेवकों, खिलाड़ियों और युवाओं ने भाग लिया। आयोजन के जरिए सरदार पटेल के ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ के संकल्प को अपनाने का संदेश दिया गया।