डीडवाना के बेगसर गांव स्थित राजपूत सभा भवन में क्षत्रिय युवक संघ के डीडवाना प्रांत की ओर से सात दिवसीय माध्यमिक प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ हुआ। 'साधना संगम संस्थान' के तत्वावधान में आयोजित इस शिविर का संचालन संघ के केंद्रीय कार्यकारी गजेंद्र सिंह आऊ कर रहे हैं। शिविर की शुरुआत में संचालक ने संघ प्रमुख की ओर से सभी प्रतिभागियों का स्वागत किया। सामूहिक तिलक और केसरिया ध्वज वंदना के साथ शिविर के उद्देश्यों और मर्यादाओं के बारे में जानकारी दी गई। इस अवसर पर गजेंद्र सिंह आऊ ने बताया कि क्षत्रिय युवक संघ पिछले आठ दशकों से समाज और राष्ट्र में चेतना जगाने का कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि राष्ट्र जागरण का कार्य वही व्यक्ति कर सकता है, जो स्वयं भीतर से जागृत हो। प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि यह सात दिवसीय शिविर आत्मचिंतन और अभ्यास की पाठशाला है। इसमें अतीत के गौरव और वर्तमान परिस्थितियों के अंतर को समझते हुए आत्मावलोकन करना आवश्यक है। यह आत्मावलोकन राष्ट्र निर्माण के प्रति कर्तव्यों का बोध कराता है और सही दिशा में आगे बढ़ने का संकल्प देता है। इस शिविर में राजस्थान के विभिन्न जिलों जैसे डीडवाना, कुचामन, नागौर, सीकर, जयपुर, अजमेर, जैसलमेर, बाड़मेर, टोंक और बांसवाड़ा से प्रतिभागी पहुंचे हैं। इनके अलावा, हरियाणा और उत्तर प्रदेश के सहारनपुर से भी समाज बंधु प्रशिक्षण लेने आए हैं। डीडवाना प्रांत प्रमुख जय सिंह सागु बड़ी ने जानकारी दी कि शिविर के सफल आयोजन के लिए बेगसर के स्थानीय समाजजन व्यवस्थाओं में सक्रिय रूप से सहयोग कर रहे हैं। आगामी सात दिनों तक शिविर में संघ की पद्धति के अनुसार बौद्धिक और शारीरिक प्रशिक्षण सत्र आयोजित किए जाएंगे।