बेगूं नगर पालिका में शुक्रवार शाम एसडीएम अंकित सामरिया ने अधिकारियों के साथ बैठक की। यह आयोजन ‘विकसित राजस्थान अभियान’ और ‘मुख्यमंत्री विकसित शहर अभियान’ के तहत किया गया, जिसमें शहर के समग्र विकास को लेकर व्यापक चर्चा हुई। नगर पालिका ईओ विष्णु यादव ने बताया- स्वायत्त शासन विभाग के निर्देशानुसार नागरिकों से सुझाव लेकर शहर के आधारभूत ढांचे को मजबूत करने की दिशा में योजना बनाई जा रही है। बैठक में पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष रंजना शर्मा, पूजा सोनी, वृद्धि चंद कोठारी, शंभू लाल धाकड़, तेजमल बोहरा, निर्मला भुक्कल, गौतम लाड, पप्पू गुर्जर, राजूलेद सुराणा और कन्हैया लाल ओड सहित कई पार्षद और शहर के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने अपने-अपने स्तर पर शहर के विकास को लेकर सुझाव दिए, जिससे भविष्य की योजनाओं को बेहतर दिशा मिल सके। लाइब्रेरी, स्टेडियम और ऑडिटोरियम निर्माण पर जोर बैठक में शहर में आधुनिक सुविधाओं के विकास को लेकर कई प्रस्ताव सामने आए। इनमें लाइब्रेरी, ऑडिटोरियम, इंडोर स्टेडियम, गौशाला और नंदी शाला के निर्माण पर विशेष जोर दिया गया। इसके अलावा नगर पालिका का नया भवन, खेल स्टेडियम, सीवरेज प्लांट, मैरिज गार्डन, दशहरा ग्राउंड और मंच, आधुनिक सुलभ कॉम्प्लेक्स जैसे प्रस्ताव भी चर्चा में शामिल रहे। बरसाती पानी निकासी की समस्या पर विशेष चर्चा बैठक में बरसात के दौरान जलभराव की समस्या को गंभीर मुद्दा बताया गया। सुझाव दिया गया कि नवीन स्कूल से बाह्यमणी नदी और खातन खाली तक बरसाती नाले के माध्यम से पानी निकासी की स्थायी व्यवस्था की जाए, ताकि शहर को बाढ़ जैसी स्थिति से बचाया जा सके। सार्वजनिक स्थानों पर महान व्यक्तित्वों की मूर्तियों का प्रस्ताव नागरिकों ने शहर के प्रमुख चौराहों और सार्वजनिक स्थानों पर महान पुरुषों की मूर्तियां स्थापित करने का सुझाव भी रखा। इसके साथ ही बेगूं सहित आसपास के गांवों में गौशाला और नंदी शाला निर्माण की मांग भी उठाई गई, ताकि पशुधन संरक्षण को बढ़ावा मिल सके।