मध्य रेलवे के मुंबई मंडल में भारी बारिश के बाद हुए भूस्खल के कारण रेल यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ है। इसके चलते हड़पसर-जोधपुर-हड़पसर सुपरफास्ट एक्सप्रेस का संचालन अब 25 जुलाई तक प्रभावित रहेगा। यह ट्रेन गत 10 जुलाई से ही अस्थायी रूप से रद्द चल रही थी, जिसकी अवधि को अब रेलवे प्रशासन ने आगे बढ़ाते हुए 25 जुलाई तक कर दिया है। उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक (Sr. DCM) हितेश यादव ने बताया- ट्रैक बाधित होने के कारण (ट्रेन संख्या 20495) जोधपुर-हड़पसर सुपरफास्ट एक्सप्रेस की 18 से 24 जुलाई के बीच की सात ट्रिप (फेरे) रद्द की गई हैं। इसी प्रकार, वापसी में (ट्रेन संख्या 20496) हड़पसर-जोधपुर सुपरफास्ट एक्सप्रेस की भी 19 से 25 जुलाई के बीच की सात ट्रिप रद्द रहेंगी। यात्रियों के लिए रेलवे की सलाह ट्रेनों के अचानक रद्द होने से यात्रियों को होने वाली असुविधा को देखते हुए रेलवे ने विशेष अपील जारी की है। प्रशासन ने यात्रियों से अनुरोध किया है कि वे घर से निकलने या अपनी यात्रा शुरू करने से पहले रेलवे के हेल्पलाइन नंबरों या आधिकारिक वेबसाइट/ऐप के जरिए अपनी ट्रेन की वर्तमान स्थिति (लाइव स्टेटस) की जानकारी अवश्य प्राप्त कर लें। श्री भादरिया लाठी स्टेशन पर रुकेगी 'लीलण' और 'बांद्रा' सुपरफास्ट एक्सप्रेस जैसलमेर रूट पर यात्रा करने वाले रेल यात्रियों की सुविधा के लिए उत्तर पश्चिम रेलवे ने एक बड़ा फैसला लिया है। जोधपुर मंडल के 'श्री भादरिया लाठी' स्टेशन पर अब दो प्रमुख सुपरफास्ट ट्रेनों का ठहराव (Halt) शुरू किया जा रहा है। केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने हाल ही में जैसलमेर रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास कार्य के लोकार्पण समारोह में स्थानीय लोगों की मांग पर इसकी घोषणा की थी। प्रायोगिक आधार पर आगामी आदेशों तक ठहराव मंजूर जोधपुर के मंडल रेल प्रबंधक (DRM) अनुराग त्रिपाठी ने बताया कि यात्रियों की लंबे समय से चल रही मांग को देखते हुए राईका बाग-जैसलमेर रेलखंड पर स्थित श्री भादरिया लाठी स्टेशन पर दो ट्रेनों के ठहराव को मंजूरी दी गई है। इनमें जैसलमेर-जयपुर-जैसलमेर लीलण सुपरफास्ट एक्सप्रेस (दैनिक) और बांद्रा टर्मिनस-जैसलमेर-बांद्रा टर्मिनस सुपरफास्ट एक्सप्रेस (साप्ताहिक) शामिल हैं। यह ठहराव फिलहाल प्रायोगिक आधार पर आगामी आदेशों तक रहेगा। जानें दोनों ट्रेनों के ठहराव का समय (Time-Table): 1. जैसलमेर-जयपुर-जैसलमेर लीलण एक्सप्रेस (प्रतिदिन): ट्रेन संख्या 12467 (जैसलमेर से जयपुर): 19 जुलाई से इस ट्रेन का श्री भादरिया लाठी स्टेशन पर प्रतिदिन रात्रि 1:14 बजे आगमन और 1:16 बजे प्रस्थान होगा (2 मिनट का ठहराव)। ट्रेन संख्या 12468 (जयपुर से जैसलमेर): यह ट्रेन प्रतिदिन सुबह 4:00 बजे स्टेशन पहुंचेगी और 4:02 बजे जैसलमेर के लिए रवाना होगी। 2. बांद्रा टर्मिनस-जैसलमेर-बांद्रा एक्सप्रेस (साप्ताहिक): ट्रेन संख्या 22931 (बांद्रा टर्मिनस से जैसलमेर): 25 जुलाई से प्रत्येक शनिवार सुबह 8:08 बजे इस स्टेशन पर पहुंचेगी और 8:10 बजे रवाना होगी। ट्रेन संख्या 22932 (जैसलमेर से बांद्रा टर्मिनस): 18 जुलाई से प्रत्येक शनिवार शाम 6:54 बजे इस स्टेशन पर पहुंचेगी और 6:56 बजे प्रस्थान करेगी। शुक्रवार को जैसलमेर रेलवे स्टेशन के नवनिर्मित भवन के लोकार्पण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्चुअल माध्यम से देश को संबोधित किया था। इसी भव्य समारोह के दौरान केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने स्थानीय नागरिकों और प्रबुद्धजनों की मांग को तुरंत स्वीकार करते हुए श्री भादरिया लाठी स्टेशन पर इन दोनों सुपरफास्ट ट्रेनों के ठहराव की घोषणा कर क्षेत्रवासियों को बड़ी सौगात दी थी।