भादरा थाना क्षेत्र में हुई हत्या के मामले में पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी अमित सिंह (30) को महज 36 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी अनुपशहर, भादरा का निवासी है और उस पर पहले भी पॉक्सो एक्ट और आबकारी अधिनियम के तहत मामले दर्ज हैं। पुलिस के अनुसार 29 जून को कलाना निवासी इंद्र सिंह ने भादरा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि सुबह करीब 10 बजे उन्हें सूचना मिली कि उनके भाई पेप सिंह उर्फ पप्पूसिंह की हालत गंभीर है। पेप सिंह भादरा में पुरानी मस्जिद के पास एक किराए के मकान में रहता था। मौके पर पहुंचने पर इंद्र सिंह ने देखा कि पेप सिंह का शव आंगन में पड़ा था और उनके सिर से काफी खून बह रहा था। घटनास्थल पर जगह-जगह खून फैला हुआ था। परिवादी ने संदेह जताया कि घटना की रात हेम कंवर और उसका पुत्र अमित राजपूत मकान में मौजूद थे, लेकिन घटना के बाद दोनों वहां से गायब थे। शिकायत के आधार पर पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की। घटना की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गीता चौधरी, आरपीएस प्रोबेशनर राजेंद्र कुमार और भादरा थानाधिकारी लखवीर सिंह ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। मौके पर मोबाइल आउटपुट ब्यूरो (एमओबी) और फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (एफएसएल) की टीमों को बुलाकर महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए गए। इसके साथ ही आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए थाना स्तर पर विशेष टीमों का गठन किया गया। जिला विशेष टीम (डीएसटी) के सहयोग से वांछित मुख्य आरोपी अमित सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी से हत्या की वारदात के संबंध में गहन पूछताछ की जा रही है और मामले की आगे की जांच जारी है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार गिरफ्तार आरोपी अमित सिंह के खिलाफ पंजाब के मुनक थाना क्षेत्र में पॉक्सो एक्ट का एक मामला और भादरा थाने में आबकारी अधिनियम के दो प्रकरण पहले से दर्ज हैं।