हनुमानगढ़ जिले की भादरा थाना पुलिस ने बाइक चोरी के एक मामले का खुलासा करते हुए हरियाणा निवासी एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने चोरी की गई बाइक भी बरामद कर ली है। आरोपी की पहचान सिरसा (हरियाणा) के चाहरवाला निवासी कुलदीप के रूप में हुई है। पुलिस उससे अन्य चोरी की वारदातों के संबंध में भी पूछताछ कर रही है। यह मामला 27 जून को भादरा निवासी चिरंजीलाल उर्फ दारासिंह द्वारा थाने में दर्ज कराई गई रिपोर्ट के बाद सामने आया। परिवादी ने बताया था कि 20 जून की सुबह करीब 3:40 बजे उसके घर के बाहर खड़ी बाइक कोई अज्ञात व्यक्ति चोरी कर ले गया था। इस संबंध में भादरा थाने में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। आरोपी की निशानदेही पर चोरी की बाइक भी बरामद पुलिस टीम ने तकनीकी विश्लेषण और मुखबिरों की सूचना के आधार पर संदिग्धों की तलाश शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने हरियाणा निवासी कुलदीप को गिरफ्तार किया। उसकी निशानदेही पर चोरी की गई बाइक भी बरामद कर ली गई। पुलिस के अनुसार आरोपी से गहन पूछताछ की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि वह किसी संगठित वाहन चोर गिरोह से जुड़ा है या नहीं। इसके अलावा जिले और आसपास के क्षेत्रों में हुई अन्य मोटरसाइकिल चोरी की घटनाओं में उसकी संलिप्तता की भी जांच की जा रही है। पुलिस का मानना है कि पूछताछ में अन्य मामलों का भी खुलासा हो सकता है। इस कार्रवाई में एएसआई सुमेर सिंह, कॉन्स्टेबल राजकुमार और कॉन्स्टेबल सतीश की विशेष भूमिका रही।