हनुमानगढ़ के भादरा थाना क्षेत्र में शादी का झांसा देकर ठगी का एक मामला सामने आया है। एक युवक से विवाह के नाम पर लगभग 5 लाख रुपए नकद और सोने-चांदी के जेवर हड़प लिए गए। बाद में महिला घर से नकदी और जेवर लेकर फरार हो गई। पुलिस ने महिला सहित 3 आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस को रासलाना निवासी वीर सिंह ने शिकायत दी है। उन्होंने बताया कि जनवरी 2025 में जयवीर और उसके पिता बलवंत सहू, जो नुवा, गोगामेड़ी के निवासी हैं, ने उनकी शादी कराने का आश्वासन दिया। उन्होंने भादरा निवासी स्वाती नामक युवती से विवाह कराने के लिए खर्च और 3 लाख रुपए की शर्त रखी। आरोपियों ने रिश्तेदारी का हवाला देकर वीर सिंह का भरोसा जीता, जिस पर वह सहमत हो गए। रासलाना में करवाई फर्जी शादी शिकायत के मुताबिक, 26 जनवरी 2025 को आरोपी जयवीर और बलवंत एक युवती को लेकर रासलाना पहुंचे। परिवारजनों की मौजूदगी में स्वाती का विवाह वीर सिंह से करवा दिया गया। विवाह के बाद वीर सिंह ने स्वाती को सोने की चेन, चांदी की बिछिया और पायजेब दी। इसके अलावा 50 हजार रुपए खर्च के तौर पर और लगभग 2 लाख रुपए बिचौलिया शुल्क के रूप में आरोपियों को दिए गए। पीड़ित वीर सिंह के अनुसार, शादी के बाद स्वाती उसकी पत्नी के रूप में रहने लगी और घर-परिवार संभालने का भरोसा दिलाया। हालांकि, 22 मार्च 2026 को जब परिवार के लोग खेत में काम करने गए हुए थे, तब घर पर केवल वीर सिंह की बुजुर्ग मां और स्वाती मौजूद थीं। झूठे मुकदमे में फंसाने की दी धमकी वीर सिंह ने आरोप लगाया कि इसी दौरान स्वाती उसकी मां के पास रखे लगभग 10 तोला सोने के जेवर और 2 लाख रुपए नकद लेकर फरार हो गई। जब वीर सिंह ने जयवीर और बलवंत से संपर्क किया, तो उन्होंने धमकी दी कि यदि कोई कानूनी कार्रवाई की गई तो उसे झूठे मुकदमे में फंसा दिया जाएगा। इसके बाद पीड़ित वीर सिंह ने भादरा पुलिस थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई। भादरा पुलिस ने परिवादी वीर सिंह की शिकायत पर जयवीर, बलवंत और स्वाती के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है। इस मामले की जांच एएसआई राजेंद्र सिंह को सौंपी गई है।