गर्मी की छुट्टियों में ट्रेनों में बढ़ने वाली भीड़ और वेटिंग लिस्ट देखते हुए रेलवे प्रशासन स्पेशल ट्रेन चलाएगा। जोधपुर मंडल से भगत की कोठी और दानापुर के बीच साप्ताहिक समर स्पेशल ट्रेन संचालित की जाएगी। उत्तर-पश्चिम रेलवे के जोधपुर डीआरएम अनुराग त्रिपाठी ने बताया- यह विशेष ट्रेन दोनों दिशाओं में कुल 15 ट्रिप करेगी, जिससे यात्रियों को कन्फर्म सीट मिलने में आसानी होगी। डीआरएम त्रिपाठी के अनुसार- गाड़ी संख्या 04813 भगत की कोठी-दानापुर (बिहार) साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन 8 अप्रैल से 15 जुलाई तक संचालित होगी। यह ट्रेन हर बुधवार को शाम 5:20 बजे भगत की कोठी से रवाना होकर अगले दिन गुरुवार शाम 5:45 बजे दानापुर पहुंचेगी। इसी तरह वापसी में गाड़ी संख्या 04814 दानापुर-भगत की कोठी साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन 9 अप्रैल से 16 जुलाई तक चलेगी। यह ट्रेन प्रत्येक गुरुवार को दानापुर (बिहार) से शाम 7 बजे रवाना होगी और शनिवार को रात 1 बजे भगत की कोठी पहुंचेगी। इन प्रमुख स्टेशनों पर रहेगा ठहराव सीनियर डीसीएम हितेश यादव ने बताया- समर स्पेशल ट्रेन का ठहराव मार्ग के कई प्रमुख स्टेशनों पर सुनिश्चित किया गया है। यह ट्रेन जोधपुर, गोटन, मेड़ता रोड, डेगाना, मकराना, कुचामन सिटी, नावां सिटी, फुलेरा, जयपुर, गांधीनगर जयपुर, दौसा और बांदीकुई स्टेशनों पर रुकेगी। साथ ही यह ट्रेन भरतपुर, ईदगाह, टूंडला, इटावा, गोविंदपुरी, फतेहपुर, सूबेदारगंज, मिर्जापुर, पं. दीनदयाल उपाध्याय, बक्सर एवं आरा स्टेशनों पर भी ठहराव करेगी, जिससे बड़ी संख्या में यूपी और बिहार जाने वाले यात्रियों को फायदा मिलेगा। कोच की स्थिति और यात्री सुविधाएं सीनियर डीसीएम यादव ने बताया- इस ट्रेन में यात्रियों की सुविधा के लिए 21 कोच लगाए जाएंगे। इनमें 2 द्वितीय एसी, 5 स्लीपर, 12 जनरल श्रेणी और 2 गार्ड कोच शामिल होंगे।