झालावाड़ में भारत विकास परिषद की झाला रानी शाखा ने छात्राओं के लिए 7 दिवसीय निःशुल्क आत्मरक्षा प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ किया है। यह शिविर कोटा रोड स्थित सेंट जोसेफ निजी स्कूल में सोमवार को शुरू हुआ, जिसका उद्देश्य बालिकाओं को आत्मनिर्भर और निडर बनाना है। शाखा अध्यक्षा अर्चना मालपानी ने बताया कि यह प्रशिक्षण शिविर 7 दिनों तक चलेगा। इसमें छात्राओं को आत्मरक्षा की विभिन्न तकनीकें और दांव-पेंच सिखाए जाएंगे। प्रशिक्षण का दायित्व पीटीआई कृष्णा को सौंपा गया है। आत्मविश्वास विकसित करना है उद्देश्य मालपानी के अनुसार शिविर का मुख्य उद्देश्य बालिकाओं में आत्मविश्वास विकसित करना, संभावित खतरों को पहचानना और विपरीत परिस्थितियों में अपनी सुरक्षा करना सिखाना है। एसआरजी अस्पताल की मनोचिकित्सक डॉ. रश्मि गुप्ता ने बताया कि प्रशिक्षण में आत्मरक्षा के साथ-साथ मानसिक मजबूती, आत्मसंयम, गुस्से पर नियंत्रण, कानूनी अधिकार और प्राथमिक चिकित्सा जैसी महत्वपूर्ण जानकारियां भी दी जाएंगी। शाखा सचिव चेतना गर्ग ने बताया कि शिविर का लक्ष्य बालिकाओं को आत्मनिर्भर, जागरूक और निडर बनाना है, ताकि वे किसी भी चुनौतीपूर्ण परिस्थिति का साहसपूर्वक सामना कर सकें। कार्यक्रम का शुभारंभ सेंट जोसेफ स्कूल की प्रिंसिपल कृतिका, विद्यालय की अध्यापिकाओं और भारत विकास परिषद की झाला रानी शाखा की सदस्यों की मौजूदगी में हुआ। इस अवसर पर रीना अग्रवाल, शशि अग्रवाल, रानी माहेश्वरी, ममता गुप्ता सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।