भारतीय किसान संघ ने भरतपुर जिले में कृषि भूमि अधिग्रहण को लेकर चल रहे विवाद पर राजस्थान सरकार को एक स्मरण पत्र सौंपा है। संगठन ने सरकार से इस मामले में जल्द कार्रवाई करने की मांग की है। किसान संघ ने आरोप लगाया है कि भरतपुर विकास प्राधिकरण (बी.डी.ए.) द्वारा राष्ट्रीय राजमार्ग-4 (एनएच-4) के आसपास किसानों की कृषि भूमि को विकास परियोजनाओं के नाम पर अधिग्रहित करने की प्रक्रिया जारी है, जिससे किसानों में भारी असंतोष है। स्मरण पत्र में यह भी बताया गया कि किसानों की समस्याओं को लेकर करीब 1 महीने पहले 15 अप्रैल को एक ज्ञापन दिया गया था। हालांकि, अब तक इस पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है, जिससे किसान परेशान हैं। संगठन ने सुझाव दिया है कि विकास कार्य उपजाऊ कृषि भूमि के बजाय बंजर भूमि पर किए जाएं, ताकि किसानों की आजीविका प्रभावित न हो। जल्द समाधान नहीं होने पर करेंगे आंदोलन भारतीय किसान संघ ने चेतावनी दी है कि यदि सरकार ने इस मुद्दे का जल्द समाधान नहीं किया, तो किसान आंदोलन करने पर मजबूर होंगे। संगठन ने मुख्यमंत्री, जिला कलेक्टर और भरतपुर विकास प्राधिकरण के अधिकारियों से किसानों के हितों को ध्यान में रखते हुए उचित निर्णय लेने का आग्रह किया है।