भरतपुर के गोपालगढ़ के निकट तेज रफ्तार कार ने सड़क किनारे खड़े बाइक सवार भाई-बहिन व भांजे को टक्कर मार दी। कार वाला बाइक को करीब 150 मीटर तक घसीटता ले गया। तीनों की मौत हो गई। मां-बेटे ने मौके पर दम तोड़ दिया। भाई को गंभीर हालत में जिला अस्पताल अलवर लेकर आए। जिसने अस्पताल में दम तोड़ दिया। यह घटना शुक्रवार रात करीब 8 बजे के आसपास की है। मृतक युवक नजाकत अली पुत्र हुसैन के जीजा इरफान ने बताया कि , हरियाणा के नूंह जिले के रेहना गांव निवासी 28 वर्षीय नजाकत अली अपनी बहन 38 वर्षीय मुस्सी को उसके पीहर गोपालगढ़ के जोतरी गांव में छोड़ने जा रहा था। उनके साथ नजाकत का 10 साल का भांजा मोनिस भी था। तीनों एक बाइक पर सवार थे। अंधवाड़ी गांव के पास बाइक को रोड किनारे खड़ कर उतरने वाले थे। तभी तेज रफ्तार क्रेटा कार ने टक्कर मार दी। कार बाइक को घसीटते हुए करीब 150 मीटर दूर तक ले गई। टक्कर इतनी भयानक थी कि मुस्सी और मोनिस की मौके पर ही मौत हो गई। नजाकत को गंभीर हालत में अलवर जिला अस्पताल लेकर गए। लेकिन वह भी नहीं बच पाया। तीनों की मौत से दो परिवारों में मातम छा गया। मृतक नजाकत के तीन बच्चे हैं। घटना के बाद आरोपी चालक कार को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।