भरतपुर में स्कॉर्पियो से कुचलकर बुजर्ग की हत्या कर दी गई। जमीन विवाद में 2 पक्ष भिड़ गए। इसी बीच खेत पर कब्जा करने आए लोगों ने दूसरे पक्ष के बुजुर्ग स्कॉर्पियो चढ़ा दी। मारपीट में दोनों तरफ के करीब 13 लोग घायल हो गए। सभी को हॉस्पिटल में भर्ती करवाया गया है। घटना उच्चैन थाना क्षेत्र में शनिवार शाम 4 बजे चक खरका गांव की है। सीओ सुरेश कुड़ी ने बताया- बुजुर्ग रमेश (60) को स्कॉर्पियो से कुचलने की जानकारी पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। अभी तक किसी भी पक्ष ने कोई शिकायत नहीं दी है। आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। मृतक का सुबह पोस्टमॉर्टम होगा। 30 साल पहले खरीदे खेत का खसरा नंबर बदलने पर विवाद बच्चू बंजारा निवासी चक खरका ने बताया- गांव में 30 साल पहले हमने खेत खरीदा था। सेटलमेंट के दौरान खेत का खसरा नंबर बदल गया। जिससे मेरा खेत सुभाष बंजारा पक्ष के नाम से रिकॉर्ड में आ रहा है। बच्चू ने दावा किया कि मेरे पास खेत की पुरानी रजिस्ट्री भी है। खेत पर मंदिर, ट्यूबेल लगाया हुआ है। अब खेत पर सुभाष बंजारा पक्ष कब्जा करना चाहता है। शनिवार शाम हम लोग खेत पर काम कर रहे थे, तब ही सुभाष बंजारा पक्ष ने लाठी- डंडों से हम लोगों पर हमला कर दिया। सुभाष बंजारा पक्ष का एक व्यक्ति अपनी स्कॉर्पियो लेकर खेत में आ गया। हम लोगों पर स्कॉर्पियो चढ़ाने की कोशिश की, जिससे भगदड़ मच गई। हालांकि तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने हमारे पक्ष के बुजुर्ग रमेश को कुचल दिया। गंभीर हालत में उनको उच्चैन के सरकारी हॉस्पिटल लेकर पहुंचे, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। दोनों पक्षों से 13 घायल हुए, जिनमें 3 आरबीएम हॉस्पिटल में भर्ती पुलिस ने बताया- मारपीट में बच्चू पक्ष के मदन लाल, ओमवीर, धर्मवीर, सतपाल, पिस्ता, मैना, शेर सिंह घायल हो गए। सभी को उच्चैन हॉस्पिटल में भर्ती करवाया गया है। जबकि नेत्रपाल, हरभान सिंह और सत्तो आरबीएम हॉस्पिटल में भर्ती हैं। सुभाष बंजारा पक्ष से रमेश, लोकेंद्र, मिथलेश घायल हुए हैं, जिनका उच्चैन में ही इलाज जारी है। इनपुट- विशेष गर्ग, रुदावल, भरतपुर