संसद में 543 सीटों पर महिला आरक्षण के समर्थन में भरतपुर महिला कांग्रेस ने आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला फूंका। शहर के बिजली घर चौराहे पर विरोध प्रदर्शन के दौरान महिला कांग्रेस की जिला अध्यक्ष बबीता शर्मा ने कहा– महिला आरक्षण बिल 2023 में ही आ गया था। लेकिन आज तीन साल बाद उसे आनन फानन में लागू क्यों किया जा रहा है। PM नरेंद्र मोदी का फूंका पुतला महिला आरक्षण बिल लागू न करने के विरोध में जिला महिला कांग्रेस विंग ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला फूंका। विरोध प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस की महिला कार्यकर्ताओं ने कहा कि बीजेपी 850 सीटों पर महिलाओं को आरक्षण दे रही है। जबकि कांग्रेस 543 सीटों पर आरक्षण का समर्थन करती है। राजस्थान में भी बीजेपी की सरकार है। इसलिए भरतपुर महिला कांग्रेस सरकार से अपना अधिकार मांग रही है। बीजेपी की राष्ट्रीय अध्यक्ष महिला क्यों नहीं जिलाध्यक्ष बबीता शर्मा ने कहा–मोदी सरकार कांग्रेस को महिला विरोधी पार्टी कहती है। अगर कांग्रेस महिला विरोधी है तो, बीजेपी ने आज तक अपनी पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष किसी महिला को क्यों नहीं बनाया। हमारी 33 फीसदी महिला आरक्षण लागू करने की मांग है। यह विरोध प्रदर्शन दिल्ली की वरिष्ठ कांग्रेस नेता अल्का लांबा के निर्देशन में किया जा रहा है। भरतपुर के 8 ब्लॉक में धरना प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस की महिला कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी की। महिला आरक्षण बिल को आनन फानन में किया लागू जिलाध्यक्ष ने आगे कहा–कांग्रेस में राष्ट्रीय अध्यक्ष के पद से लेकर सदन तक महिला सदस्य बैठी हैं। 33 प्रतिशत आरक्षण सितंबर 2023 में आ गया था लेकिन तब उसे लागू नहीं किया गया। अब बीजेपी उस बिल को आनन फानन में क्यों लागू करना चाहती है? ऐसा इसलिए क्योंकि पांच राज्यों में चुनाव हैं और सरकार पर गठबंधन का दबाव होगा। 1 मई से जनगणना भी शुरू हो गई है। जिसके बाद परिसीमन होगा। इसलिए महिला आरक्षण बिल अब लागू करने का प्रयास किया जा रहा है।