राज्य सरकार की जनकल्याणकारी पहल “ग्रामीण सेवा शिविर-2026 (सेवा भी, समाधान भी)” के तहत ग्राम पंचायत भाटोली में एक शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर आमजन के लिए राहत और विश्वास का केंद्र बनकर उभरा, जहां राजस्व, कृषि और स्वास्थ्य विभाग से जुड़ी वर्षों पुरानी समस्याओं का मौके पर समाधान किया गया। साथ ही, पात्र लाभार्थियों को विभिन्न योजनाओं का लाभ भी प्रदान किया गया। शिविर की प्रमुख उपलब्धियों में कमला उर्फ धन्ना बाई के राजस्व रिकॉर्ड में नाम शुद्धि का मामला शामिल रहा। अभिलेखों में गलत नाम दर्ज होने के कारण उन्हें भूमि संबंधी दस्तावेज, बैंकिंग कार्यों और सरकारी योजनाओं का लाभ लेने में कठिनाई हो रही थी। राजस्व विभाग ने आवश्यक दस्तावेजों की जांच के बाद रिकॉर्ड में संशोधन कर सही नाम दर्ज किया, जिससे उन्हें भविष्य में सभी शासकीय योजनाओं का लाभ सहजता से मिलेगा। कृषि विभाग ने किसान बद्रीलाल पुत्र सुरजमल मेनारिया को पाइप लाइन अनुदान योजना के तहत 15 हजार रुपए की सहायता राशि प्रदान की। अधिकारियों के अनुसार, इस सहायता से किसान की सिंचाई व्यवस्था मजबूत होगी, जल संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा और खेती की लागत कम होकर उत्पादन में वृद्धि होगी। स्वास्थ्य विभाग की गतिविधियों में निक्षय मित्र अम्बालाल मेनारिया की पहल विशेष रही। उन्होंने टीबी मरीज केशुराम जटिया, ममता रावत और मनोहरलाल रावत को गोद लिया। अम्बालाल ने उनके उपचार के दौरान पोषण सहायता और सहयोग प्रदान करने का संकल्प लिया। इस पहल से मरीजों और उनके परिवारों को आर्थिक सहारा मिलने के साथ-साथ उनका आत्मविश्वास भी बढ़ा। लाभार्थियों ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में संचालित ग्रामीण सेवा शिविरों की सराहना की। उन्होंने कहा कि ऐसे शिविर ग्रामीण क्षेत्रों में प्रशासन को आमजन के द्वार तक पहुंचा रहे हैं। शिविर में एसडीएम प्रवीण कुमार, तहसीलदार पंकज कुमार, विकास अधिकारी लक्ष्मण लाल मीणा, सरपंच प्रतिनिधि मुकेश जाट सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।